Tuesday, June 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेशगाजियाबाद: आईएमएस कॉलेज में लिफ्ट गिरी, 10 छात्र घायल, तीन गम्भीर

गाजियाबाद: आईएमएस कॉलेज में लिफ्ट गिरी, 10 छात्र घायल, तीन गम्भीर

गाजियाबाद(हि.स.)। जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर डासना आईएमएस कॉलेज में बुधवार को लिफ्ट टूटकर गिर गयी ,जिससे 10 छात्र घायल हो गए। सभी को एनएच-9 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें तीन छात्रों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद कॉलेज में अफरातफरी की स्थिति है।

मसूरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह के अनुसार डासना स्थित आईएमएस कॉलेज के छात्रावास में आज लिफ्ट में कुल 12 छात्र ऊपर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान लिफ्ट एक झटके के साथ टूट कर नीचे गिर गयी। लिफ्ट गिरने की सूचना पर कॉलेज का स्टाफ व अन्य छात्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह से लिफ्ट में फंसे घायल छात्रों को निकाला। योगेंद्र सिंह ने बताया कि इस हादसे में लिफ्ट में सवार 12 में से 10 छात्र घायल हुए हैं। सभी को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन की हालत गम्भीर बताई जा रही है। सभी का इलाज जारी है।

बताया कि घटना स्थल पर जांच पड़ताल की जा रही है। प्रारम्भिक जांच में लग रहा है कि लिफ्ट में क्षमता से ज्यादा छात्र सवार थे। फिलहाल इस मामले में पुलिस कॉलेज प्रबन्धन से बातचीत कर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही लिफ्ट टूटने के कारणों का पता चल सकेगा।

फरमान अली

RELATED ARTICLES

Most Popular