लखनऊ (हि.स.)। मड़ियाव थाना क्षेत्र में दो फरवरी को हुई किन्नर जोया की हत्या का खुलासा पुलिस ने शुक्रवार को कर दिया है। पुलिस ने हत्यारे को कानपुर के एक होटल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने हत्यारोपित के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई कर जेल भेजा।
थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि किन्नर जोया की हत्या में फरार हत्यारे सहादतगंज निवासी फैजान को कानपुर के हरबंश मोहाल स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया है। हत्याभियुक्त ने अपना जुर्म स्वीकारते हुए बताया कि जोया का पूरा नाम आयुष्मान सिंह उर्फ शुभम है। कुछ साल पहले अपना जेंडर परिवर्तन कर वह किन्नर बन गया था। बीते दस माह से जोया उसके साथ रिलेशनशिप में थी। इस दौरान जोया का रुझान किसी एक अन्य युवक की तरफ बढ़ने लगा। इसी बात से वह उससे नाराज चल रहा था। 31 जनवरी की रात को उसने कमरे में रखे तवे से सिर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शीशा से उसकी कलाई काट दी। मरा हुआ उसे छोड़कर कमरा बंद करके भाग निकला। पुलिस ने हत्याभियुक्त की निशानदेही पर आला-ए-कत्ल बरामद कर लिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि किन्नर की हत्या में पकड़े गए अभियुक्त फैजान के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।
दीपक
