– बुधवार के बाद से तीन दिन तक किसान न करें सिंचाई
कानपुर (हि.स.)। उत्तरी पश्चिमी हवाओं के चलने और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय हो जाने से मौसम में एक बार फिर बदलाव आया है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से आसमान में बादल छाने लगेंगे और इसके बाद तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश में बारिश होगी। ऐसे में किसान भाई बारिश के बाद ही खेतों में सिंचाई करें।
चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि एक सशक्त वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश एवं कानपुर मंडल सहित पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां आरंभ हो जाएंगी। पांच जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छह जनवरी से कानपुर सहित पूरे मध्य उत्तर प्रदेश में और सात तारीख तक को पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश तक बारिश की गतिविधियां आरंभ हो जाएंगी। वेदर न्यूमेरिकल मॉडल देखने पर संभावना लग रही है कि बारिश की गतिविधियां पूरे चार दिन तक पूरे उत्तर प्रदेश में रुक रुक कर चलती रहेंगी। कहीं-कहीं हल्की बारिश से लेकर भारी बारिश तक की संभावना प्रतीत हो रही है। भारतीय मौसम विभाग एवं चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग का पूर्वानुमान है कि यह बारिश की गतिविधियां नौ जनवरी तक जारी रहेंगी। ऐसे में किसानों को सलाह दी जाती है कि अब पांच तारीख के बाद सिंचाई की गतिविधियां स्थगित रखें।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अधिकतम तापमान 23.5 और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 97 प्रतिशत और दोपहर सापेक्षिक आर्द्रता 51 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिमी रहीं जिनकी रफ्तार 1.8 किमी प्रति घंटा रहीं। बताया कि इस सप्ताह मध्य उत्तर प्रदेश के ब्लॉक एवं जिला स्तर पर आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहने के छह से लेकर 10 दिसम्बर तक हल्की बारिश होने की संभावना है। इस सप्ताह शीत लहर का प्रकोप जारी रहेगा साथ ही रात्रि एवं प्रातः काल के समय मध्यम से घना कोहरा छाये रहने के आसार हैं।
अजय
