UP News : समूह की महिलाएं अब बनेंगी कोटेदार

प्रादेशिक डेस्क

प्रयागराज। मास्क, स्कूल ड्रेस और पीपीई किट बनाने के बाद अब समूह की महिलाओं को सरकारी राशन की दुकान चलाने का भी जिम्मा दिया जाएगा। समूह की महिलाएं अब कोटेदार बनकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में राशन का वितरण करेंगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में निरस्त हो चुकी सरकारी राशन की दुकानों का आवंटन अब समूह की महिलाओं के नाम होगा। ब्लॉकों में कोटा चलाने के लिए सभी समूह से दो-दो महिलाओं को जोड़कर एक ब्लॉक संगठन बनाया जाएगा उसी संगठन के अधीन कोटा संचालित किया जाएगा। जहां पर ब्लॉक संगठन काम नहीं करेगा वहां पर समूह की महिलाएं कोटे को संचालित करेंगी। इन दुकानों को चलाने के लिए समूह की महिलाओं को कमीशन दिया जाएगा। किस ब्लॉक में कितनी सरकारी राशन की दुकानें निरस्त हैं इसकी सूची जिला आपूर्ति अधिकारी कार्यालय से स्वरोजगार कार्यालय में मांगी गई है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक अमित शुक्ला ने बताया कि जिले में निरस्त हो चुकी सभी राशन की दुकानों का आवंटन समूह की महिलाओं के नाम किया जाएगा। शासनादेश आ चुका है जल्द ही उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 15 अगस्त के पहले समूह की महिलाओं को 10 से अधिक राशन की दुकानें आवंटित कर दी जाएंगी।

error: Content is protected !!