UP News : रोहनिया विधायक ने सीआरपीएफ के जवानों संग शूलटंकेश्वर मंदिर में किया पौधरोपण

वाराणसी (हि.स.)। रोहनिया के भाजपा विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह ‘औढ़े’ ने शुक्रवार को 95 बटालियन केंद्रीय पुलिस बल के जवानों के साथ माधोपुर स्थित शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर परिसर में स्वच्छता और पौधरोपण अभियान में भागीदारी की। गंगा नदी के तट से बेटावर तक स्वच्छता अभियान में जवानों के साथ सामाजिक कार्यकताओं ने भी श्रमदान किया। मंदिर परिसर में पौधरोपण के दौरान 95 बटालियन के कमांडेंट नरेंद्र पाल सिंह (पीएमजी) ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई। 
इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारे देश में अक्सर ऐसा होता है कि कोई भी बड़ा कार्य होता है तो हम उम्मीद करते हैं कि वह सरकार करेगी। जैसे पर्यावरण संरक्षण दुर्भाग्य से कुछ लोग मानते हैं कि केवल सरकार और बड़ी कंपनियों को ही पर्यावरण संरक्षण के लिए कुछ करना चाहिए, परंतु ऐसा नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अगर अपनी-अपनी जिम्मेदारी समझे तो पर्यावरण संरक्षण में अपनी भागीदारी कर सकते है। इस प्रकार हम समाज और परिवारों को संरक्षित कर सकते हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अच्छा वातावरण,अच्छा भविष्य दे सकते है। जवानों ने मंदिर परिसर में अभियान के दौरान कुल 101 पौधे लगाए। जिसमें आम, शीशम, जामुन ,तुलसी के पौधे थे। 
पौधरोपण के बाद जवानों ने कोरोना से बचाव के लिए पूरे शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर, माधोपुर एवं आसपास के इलाकों में सोडियम हाइपोक्लोराइट के घोल से छिड़काव किया और लोगों की थर्मल स्कैनिंग भी की गई। कार्यक्रम में नगर के समाजसेवी व वरिष्ठ उद्यमी  केशव जालान, ओम प्रकाश गुप्ता , नारायण सिंह ,समीर पांडेय के अलावा सृजन सामाजिक विकास न्यास के सदस्य भी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!