बागपत (हि.स.)। अपने फरमानों के लिए चर्चित खाप पंचायत अब समाज से अपराध को मिटाने के लिए आगे आई है। शुक्रवार को बड़ौत शहर की पट्टी चैधरान में सर्व समाज के खाप खाप चैधरियों की बैठक में युवाओं में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति पर चिंता जताई और युवाओं को अपराध की ओर जाने से रोकने की जरूरत बताई।पट्टी चैधरान में ब्राह्मण समाज के चैधरी सुभाष चंद्र शर्मा के आवास पर हुई बैठक में देश खाप के चैधरी सुरेंद्र तोमर, सैन समाज के चैधरी राममेहर, रामनारायण शर्मा, अब्बासी समाज के चैधरी जमीरूद्दीन अब्बासी, धोबी समाज के चैधरी जमील अहमद, पंडित कृष्ण कुमार, आदेश कुमार, शिव स्वरूप, महिपाल, महमूद कुरैशी, शफीक अहमद, जयपाल कश्यप, सत्यप्रकाश, सुरेश उपाध्याय, मुकेश वर्मा, कमरूद्दीन, गौरव, प्रवीण जैन आदि की बैठक हुई। बैठक में खाप चैधरियों ने कहा कि जिस तरह युवा अपराध की ओर अग्रसर हो रहे हैं, वह भविष्य के लिए ठीक नहीं है। युवाओं को अपराध की दलदल में जाने से रोकना होगा और इसके लिए समाज के सभी लोगों को आगे होना होगा। युवाओं में बढ़ती नशाखोरी पर भी चिंता जताई गई। चैधरियों ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से भी बचाना होगा। कोरोना महामारी से बचाव पर भी विचार हुआ। चैधरियों ने कहा कि महामारी रोकने के लिए गली-गली सफाई अभियान चलाया जाए। घर से बाहर निकले तो लोग मास्क लगाए और शारीरिक दूरी का भी ध्यान रखे। युवाओं को मार्गदर्शन देने के लिए खाप चैधरी आगे की रणनीति तय करेंगे।
