जौनपुर (हि.स.)। केराकत कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत थानागद्दी के जखिया पुरवे गांव में चोरों ने रविवार की रात एक घर को निशाना बनाते हुए एक लाख के आभूषण चोरी कर लिए। सप्ताह में चोरी की दूसरी घटना होने और पुलिस गश्त कमजोर होने से क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गयी है।
पीड़ित गृहस्वामी प्रमोद सिंह ने बताया कि चोर घर के पीछे से सीढ़ी लगाकर छत के सहारे घर के अंदर दाखिल हुए। घर के एक कमरे में बेटी शिखा सिंह के पेटी में छह हजार रुपये की नकदी समेत एक लाख के गहने व कीमती साड़ियां उठा ले गए। परिवार के सभी सदस्य घर के एक कमरे में सोए हुए थे। चोरों ने बाहर से कमरे का दरवाजा बंद कर दिया था।
पीड़ित ने बताया कि रात्रि लगभग ढाई बजे घर में खटपट की आवाज सुनाई दी। जब वह जागकर बाहर निकलने का प्रयास करने लगा तो पता चला कि दरवाजा बाहर से बंद था। किसी तरह वह बाहर आया तो चोर फरार हो गए थे। कमरे में जाकर देखा तो पेटी गायब थी। प्रमोद पूरे परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। बेटे की 8 दिसम्बर को होने वाली शादी के लिए परिवार गांव आया हुआ था। पीड़ित की विवाहित बेटी भी भाई की शादी में शामिल होने आयी हुई है। चोरी के आभूषण बेटी के ही थे। पीड़ित ने 112 पर रविवार रात में ही पुलिस को सूचना दे दी थी। स्थानीय पुलिस चौकी प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन की।
सोमवार सुबह पुलिस को खोजबीन करने पर घटनास्थल से डेढ़ सौ मीटर दूर नहर किनारे खेत में टूटी पेटी व कीमती साड़ियां व बिखरे हुये कपड़े मिले। इससे पहले 12 नवम्बर को पड़ोसी गांव नाऊपुर में एक पुलिस इंस्पेक्टर के घर चोरी हो गई थी।उसका खुलासा नहीं हो पाया और अब दूसरी वारदात सामने आयी है। इस मामले में थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित परिवार ने तहरीर दी है। जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
