Sunday, April 26, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : दो महिलाओं ने कमिश्नरी पर किया आत्मदाह का प्रयास,...

UP News : दो महिलाओं ने कमिश्नरी पर किया आत्मदाह का प्रयास, हड़कंप

मेरठ (हि. स.)। कमिश्नरी चौराहे पर शुक्रवार को गैंगरेप पीड़िता सहित दो महिलाओं ने अपने ऊपर केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिस कर्मियों ने जैसे-तैसे दोनों महिलाओं को काबू में किया। इस दौरान एक महिला बेहोश होकर गिर गई। महिलाओं ने खरखौदा पुलिस पर आरोपितों को गिरफ्तार न करने का आरोप लगाया है। 
बताते चलें कि पीड़िता एक हिस्ट्रीशीटर की पत्नी है। खरखौदा क्षेत्र निवासी हिस्ट्रीशीटर की पत्नी ने बीती 27 फरवरी को तीन व्यक्तियों पर खुद के साथ गैंगरेप का आरोप लगाया था। महिला का आरोप था कि आरोपित उसकी मौसी को गोली मारकर उसे घर से उठाकर ले गए। जिसके बाद आरोपितों ने महिला को जंगल में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। शुक्रवार को पीड़िता अपने परिवार की कुछ महिलाओं के साथ कमिश्नरी चौराहे पर पहुंची। इससे पहले कि कोई कुछ समझता, पीड़िता सहित एक अन्य महिला ने हंगामा करते हुए केरोसीन की केन अपने ऊपर उड़ेल ली। जिसके चलते मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। चौराहे पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे महिलाओं को काबू में किया। इस दौरान हिस्ट्रीशीटर की पत्नी बेहोश होकर गिर गई। महिलाओं ने हंगामा करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। उल्टा उनके खिलाफ ही कार्रवाई की धमकी दी जा रही है। फिलहाल सभी महिलाओं को सिविल लाइन थाने भेज दिया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular