Monday, September 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी पर योगी बोले, कांग्रेस...

UP News : अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी पर योगी बोले, कांग्रेस पुनः प्रजातंत्र का गला घोंटने का कर रही प्रयास

-अभिव्यक्ति की आजादी पर बताया प्रहार 

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुम्बई में मशहूर टीवी पत्रकार अर्नब गोस्वामी की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने इसे अभिव्यक्ति की आजादी पर प्रहार बताया है। 
मुख्यमंत्री ने बुधवार को ट्वीट किया कि वरिष्ठ पत्रकार अर्नब गोस्वामी जी की गिरफ्तारी कांग्रेस पार्टी के द्वारा अभिव्यक्ति की आजादी पर प्रहार है। देश में इमरजेंसी थोपने व सच्चाई का सामना करने से हमेशा मुंह छुपाने वाली कांग्रेस पुनः प्रजातंत्र का गला घोंटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समर्थित महाराष्ट्र सरकार का यह कृत्य लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ मीडिया को स्वतंत्र रूप से कार्य करने से रोकने का कुत्सित प्रयास है।
इससे पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी इसकी निन्दा की। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि मुम्बई में प्रेस-पत्रकारिता पर हुआ हमला बहुत ही निंदनीय एवं दुखद है। जिन लोकतंत्र व संविधान विरोधी ताकतों ने 1975 में इमरजेंसी लगाई थी उसी तरह की मनःस्थिति के साथ आज महाराष्ट्र सरकार पत्रकारों के विरुद्ध कार्यवाही कर रही है। उन्होंने कहा कि अर्नब गोस्वामी जी की गिरफ्तारी महाराष्ट्र सरकार की तानाशाही को प्रदर्शित करता है। हम इस तरह छिपी मंशा से की गई कार्यवाही की घोर भर्त्सना करते हैं।
उल्लेखनीय है कि रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी को 53 साल के एक इंटीरियर डिजाइनर और उनकी मां की आत्महत्या के मामले में मुम्बई पुलिस ने उनके घर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा कि अर्नब को उस मामले में गिरफ्तार किया गया है, जो पहले ही बंद किया जा चुका है। इसी गिरफ्तारी की बेहद आलोचना की जा रही है और इसे लोकतंत्र के चौथे स्तम्भ पर हमला बताया जा रहा है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular