Shravasti News:किसान व नौजवान विरोधी है भाजपा सरकार-अखिलेश

संवाददाता

श्रावस्ती। समाजवादी पार्टी के तीन दिवसीय चिंतन शिविर व प्रशिक्षण समारोह के समापन पर बौद्ध स्थली श्रावस्ती पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वर्तमान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने योगी व मोदी की सरकार को किसान व नौजवान विरोधी सरकार बताया। श्रावस्ती में चल रहे चिंतन शिविर के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने होटल लोटस में प्रेस वार्ता की। निर्धारित समय से 2 घण्टे बाद प्रेसवार्ता करने पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकारें झूठ बोल कर जनता को बरगला रही हैं। योगी सरकार किसानों की समस्या को नजर अंदाज कर रही हैं। किसानों का हक नहीं दिया जा रहा है। धान क्रय केन्द्रों पर बिचौलियों का बोल बाला हैं। कोरोना वैक्सीन के बारे में कहा कि भाजपा सरकार जनता को फ्री वैक्सीन नहीं लगाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि आगामी सरकार समाजवादी पार्टी की होगी। तब सभी को निशुल्क वैक्सीन लगाई जायेगी। बसपा के भिनगा विधायक असलम राइनी और सपा के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के मुलाकात के बारे में पत्रकारों के सवाल के जबाब में अखिलेश यादव ने कहा कि हम सभी लोगों को जोड़ने का काम करते हैं। जो भी आयेगा उसका सम्मान किया जायेगा। असलम राइनी का स्वागत करते हैं। उन्होंने सही समय पर सही निर्णय लिया है। भगवान परशुराम के मन्दिर निर्माण और पूजा के बारे में कहा कि भगवान परशुराम जी भगवान विष्णु के अवतार हैं। उनका हमेशा पूजा अर्चना और सम्मान किया जाता था और भविष्य में पूजा अर्चना और सम्मान किया जायेगा। इस मौके पर बसपा कोऑर्डिनेटर प्रदीप बौद्ध व शकील खां सहित दर्जनों लोगों ने सपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रेस वार्ता के दौरान जिला अध्यक्ष सर्वजीत यादव, पूर्व विधायक मोहम्मद रमजान, मुकेश श्रीवास्तव, शिव प्रताप यादव, इन्द्राणी वर्मा, बैजनाथ दुबे, नन्दिता शुक्ला, बहराइच के एमएलसी हाजी इमलाक खान, वरिष्ठ सपा नेता अभिषेक उर्फ मुन्ना मिश्रा, प्रदीप सिंह आदि मौजूद रहे।

अन्य खबरों को विस्तार से पढ़ने के लिए www.hindustandailynews.com पर क्लिक करें।

error: Content is protected !!