अनुचर को दुबारा किया कार्यालय से सम्बद्ध, एडी से फिर हुई शिकायत
जानकी शरण द्विवेदी
गोण्डा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के लिए सहायक निदेशक (बेसिक शिक्षा) का आदेश बेमानी साबित हो रहा है। एडी बेसिक के स्पष्ट आदेश के बावजूद बीएसए ने मनकापुर बीआरसी में सम्बद्ध अनुचर अमरजीत को दुबारा वहीं पर सम्बद्ध कर दिया है। बताते चलें कि एक शिक्षक से अभद्र व्यवहार करने तथा अनुशासनहीनता के आरोप में मनकापुर बीआरसी पर तैनात अनुचर अमरजीत को एडी बेसिक के निर्देश पर हटा दिया गया था। उन्होंने निर्देश दिया था कि भविष्य में उसे यहां पर कदापि सम्बद्ध न किया जाए। लेकिन एडी बेसिक के आदेश को दरकिनार करते हुए बीईओ मनकापुर की संस्तुति पर बीएसए ने पुनः अनुचर अमरजीत को बीआरसी मनकापुर में सम्बद्ध कर दिया। एक शिक्षक ने मामले की दुबारा शिकायत एडी बेसिक से की है। प्रकरण मनकापुर खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से जुड़ा हुआ है। बीआरसी मनकापुर में सम्बद्ध अनुचर अमरजीत ने पूर्व में अमवा में कार्यरत शिक्षक गिरीश कुमार से व्हाट्सअप ग्रुप पर गाली-गलौज की थी, जिसकी शिकायत शिक्षक ने बीईओ सत्य प्रकाश से की। 17 अगस्त 2020 को बीईओ ने मामले की पुष्टि करते हुए कार्यवाही करने की संस्तुति बीएसए से कर दी थी। इसके बाद बीएसए डॉ. इन्द्रजीत प्रजापति ने अनुचर अमरजीत को तत्काल बीआरसी से अपने मूल विद्यालय हेतु वापस कर दिया। मूल विद्यालय वापस होने के बाद भी अनुचर लगातार बीआरसी कार्यालय का चक्कर लगाता रहा। इसकी शिकायत शिक्षक ने सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) विनय मोहन वन से की। इस पर एडी बेसिक द्वारा 14 अक्टूबर 2020 को बीएसए को पत्र लिखकर अनुचर अमरजीत को किसी भी विभागीय कार्य या बीआरसी कार्यालय से सम्बद्ध न करने का आदेश दिया। एडी बेसिक के स्पष्ट आदेश के बाद भी बीईओ मनकापुर सत्य प्रकाश ने चार जनवरी 2021 को अनुचर अमरजीत का कार्य एवं व्यवहार उत्तम बताते हुए पुनः कार्यालय में सम्बद्ध करने की संस्तुति कर दी। एडी बेसिक विनय मोहन वन के आदेश को दरकिनार करते हुए बीईओ मनकापुर सत्य प्रकाश की संस्तुति पर बीएसए डॉ. इंद्रजीत प्रजापति ने बिना जांच पड़ताल के ही अनुचर को पुनः मनकापुर बीआरसी से सम्बद्ध करने का आदेश जारी कर दिया। बीईओ मनकापुर ने बीएसए के आदेश पर तत्काल अनुचर अमरजीत को दुबारा खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से सम्बद्ध कर लिया। मामले की जानकारी होने पर शिक्षक गिरीश कुमार ने एडी बेसिक विनय मोहन वन से दुबारा शिकायत की है।
आवश्यकता है संवाददाताओं की
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना Application निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
मोबाइल – 9452137310
