जानकी शरण द्विवेदी
गोंडा। जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र से दो दिन से लापता एक सेवानिवृत्त कर्मचारी का शव पुलिस ने बुधवार की देर शाम बरामद कर लिया। पुलिस के प्रारंभिक जांच पड़ताल में हत्या के पीछे सम्पत्ति का विवाद सामने आ रहा है। घटना के अनावरण के लिए स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) समेत कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि बहराइच जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ककरहा रनियापुर गांव के मूल निवासी रामसेवक तिवारी सहकारी गन्ना विकास समिति मैजापुर (गोंडा) में गन्ना पर्यवेक्षक के पद से वर्ष 2015 में सेवानिवृत्त हुए थे। गोंडा जिले के कौड़िया थाना क्षेत्र के घुचुवापुर कस्बे में भी उन्होंने एक आवास बना रखा था, जिसमें उनका बेटा प्रवीण कुमार तिवारी दुकान करता है। उन्होंने बताया कि राम सेवक तिवारी दुकान की रखवाली के लिए रात में घुचुआपुर में ही सोते थे। बीते 15 अगस्त की रात भी वह सोने के लिए दुकान पर पहुंचे थे किन्तु अगले दिन घर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। न मिलने पर कौड़िया पुलिस को सूचित किया। प्रकरण में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की। इस बीच गुमशुदा राम सेवक के मोबाइल नम्बर से उनके बेटे प्रवीण के मोबाइल पर एक संदेश आया ’तुम्हारे पिता जी का अपहरण हो गया है। कल शाम पांच बजे तक 11 लाख रुपए दो, नहीं तो इनको मार दिया जाएगा।’ एसपी ने बताया कि फिरौती का संदेश मिलने के बाद प्रकरण गंभीर हो गया। उन्होंने बुधवार को स्वयं एसओजी, डॉग स्क्वाएड व सर्विलांस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए परिजनों से घटना के बारे में जानकारी प्राप्त किया। स्थानीय थाने के अलावा आसपास के कटरा बाजार, खरगूपुर आदि थानों की पुलिस को भी अनावरण के लिए निर्देशित किया गया है। पुलिस की जांच पड़ताल के दौरान बुधवार की देर शाम खरगूपुर थाना क्षेत्र के फरेंदा शुक्ल गांव के पास सरयू नहर में एक बोरा उतराता मिला। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खुलवाया तो उसमें शव मिला। प्रवीण ने शव की शिनाख्त पिता राम सेवक तिवारी के रूप में की। एसपी ने बताया कि शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शव को देखने के बाद प्रतीत होता है कि बदमाशों ने घटना की रात्रि में ही उनकी हत्या करके शव बोरे में बंद करके नहर में फेंक दिया था। पुलिस को गुमराह करने के लिए फिरौती का संदेश भेजा गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस के प्रारंभिक जांच में सम्पत्ति विवाद का मामला सामने आ रहा है। घटना के अनावरण के लिए कई टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करके दोषियों को जेल भेजा जाएगा।

कलमकारों से ..
तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे :
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com
Contact No : 09452137310
