Bahraich News : बच्चों के विवाद में दो समुदायों में संघर्ष, नौ घायल

संवाददाता

बहराइच। जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बच्चों के विवाद में दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में संघर्ष के दौरान जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें नौ लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है। मामला थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव का है। यहां शनिवार देर शाम शिवराजपुर निवासी अशरफ व राकेश यादव के बच्चों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में शत्रोहन, फूलमता, शंकर, अखिलेश, सीतादेवी, ननकई समेत नौ लोग घायल हो गए। मामला बढ़ता देख ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। एसओ श्रीप्रकाश त्रिपाठी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सीएचसी फखरपुर भेजा। एसओ ने बताया कि मामले में दोनों पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है। एक पक्ष से फूलमता की तहरीर पर छह व दूसरे पक्ष ननकई की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

error: Content is protected !!