Bahraich News:वाल्मीकि जयंती पर हुआ रामायण का पाठ

संवाददाता

बहराइच। शासन के निर्देश के क्रम में जनपद में विभिन्न 10 स्थलों पर महर्षि वाल्मीकि जयन्ती के शुभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को समारोहपूर्वक मनाया गया। जनपद मुख्यालय पर स्थित श्री रामजानकी मंदिर (निकट छावनी चौराहा दरगाह शरीफ रोड) पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां पर संस्कृत के आचार्यो द्वारा वाल्मीकि रामायण-सुन्दर काण्ड का गायन शैली में पाठ किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी शम्भु कुमार द्वारा किया गया। जिलाधिकारी द्वारा मंदिर परिसर में पूजा अर्चन एवं देव आह्वान करके अनुष्ठान की प्रकिया प्रारम्भ की गयी। इस कार्यक्रम के मुख्य यजमान के रूप में जिलाधिकारी द्वारा समस्त अनुष्ठानिक कार्य किया गया। आयोजन में संस्कृत विद्यालयों के आचार्य डा. अरविन्द कुमार त्रिपाठी, सुनील कुमार तिवारी, प्रेमचन्द नाग, अविनाश शर्मा, ओम प्रकाश श्रीवास्तव, कृष्ण मोहन शुक्ला, अमरेश कुमार तिवारी, अखिल कुमार मिश्र, देवी प्रसाद ओझा, संजय कुमार तिवारी, यज्ञराम शुक्ल, कपिलदेव त्रिपाठी, बालानन्द शास्त्री, गायत्री प्रसाद द्विवेदी, रामरूप पाण्डेय तथा रामशंकर जायसवाल द्वारा पुरोहित की भूमिका का निर्वहन किया गया। इस अवसर पर एडीएम जयचन्द्र पाण्डेय, सीआरओ प्रदीप कुमार यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पाण्डेय, जनता राहत इण्टर कालेज के प्रधानाचार्य दीनबन्धु शुक्ला सहित अन्य अधिकारी व अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
भव्यता पूर्वक आयोजित इस कार्यक्रम में कोविड-19 के अन्तर्गत शासन द्वारा निर्धारित मानकों का पालन करते हुए सामाजिक दूरी का पूरी तरह से अनुपालन किया गया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर बताया कि वाल्मीकि जयन्ती के अवसर पर इस प्रकार के आयोजन से हमारी सांस्कृतिक विरासत मजबूत होगी और समाज को सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरणा प्राप्त होगी। महर्षि वाल्मीकि सामाजिक समरसता के प्रतीक थे। इनके द्वारा रचित रामायण आदर्श सामाजिक संरचना के लिए मानक प्रस्तुत करता है। ऐसे आयोजनों से हम अपने गौरवशाली परम्परा को स्थापित करते हैं। इसी प्रकार माध्यमिक विद्यालयों द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में महर्षि वाल्मीकि जयन्ती के अवसर पर वाल्मीकि रामायण का पाठ किया गया। विशेश्वरगंज क्षेत्र के श्री बालाजी मंदिर में, पयागपुर में पंचायत मंदिर, शिवपुर में श्री रामजानकी मंदिर, कैसरगंज में हनुमान मंदिर, तजवापुर में श्री निरंकारेश्वर मंदिर, फखरपुर में श्री हनुमान मंदिर, हुजूरपुर में श्री हनुमान मंदिर तथा मिहींपुरवा में श्री रामजानकी मंदिर में यह आयोजन किया गया तथा मंदिरों में भजन कीर्तन हेतु भजन गायक भी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!