Tuesday, April 14, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलबलरामपुर24घंटे रहेगी देवीपाटन मेले में बिजली,श्रद्धालुओं के सुविधाओं को लेकर रहेगी व्यापक...

24घंटे रहेगी देवीपाटन मेले में बिजली,श्रद्धालुओं के सुविधाओं को लेकर रहेगी व्यापक व्यवस्था : डीएम

बलरामपुर(हि.स.)। दो अप्रैल से शुरू हो रहे प्रसिद्ध देवीपाटन मेले में 24 घंटे बिजली व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा के दृष्टिगत पूरा मंदिर व मेला परिसर सीसीटीवी से लैस रहेगी। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मी तैनात किये जायेंगे। श्रद्धालुओं के आवागमन व विभिन्न सुविधाओं को लेकर व्यापक व्यवस्था किये जायेंगे। उक्त जानकारी जिलाधिकारी श्रुति ने सोमवार को देवीपाटन मंदिर परिसर में मेला तैयारी को लेकर आयोजित बैठक में बताया।

बैठक में अधिकारियों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि मेला व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित विभाग के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। साफ-सफाई को लेकर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अनुपस्थित पाए जाने पर सफाई कर्मियों को सस्पेंड किया जाएगा।

परिवहन व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि सभी क्षेत्रों के लिए देवीपाटन से प्राइवेट व रोडवेज बस चलाए जाएं सभी की समय सारणी मेला के विभिन्न स्थलों पर डिस्प्ले कराया जाए जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में कोई दिक्कत न हो। मंदिर का मेला क्षेत्र में 24 घंटे विद्युत व्यवस्था, साफ सफाई, खोया पाया कैम्प, पुलिस व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

अपर जिलाधिकारी राम अभिलाष ने शुद्ध पेयजल, साफ सफाई, सुरक्षा ,बिजली सहित विभिन्न मुद्दों पर क्रमवार संबंधित अधिकारी से तैयारियों का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक हेमंत कुटियाल ने बताया कि पूरे मेला परिसर में पर्याप्त सुरक्षाकर्मी लगाए जाएंगे। पूरे मंदिर व मेला परिसर को सीसीटीवी से लैस किया जाएगा।

चैत्र नवरात्रि पर एक माह के लगने वाले देवीपाटन मेले की तैयारियों को लेकर देवीपाटन मंदिर पीठाधीश्वर मिथिलेश नाथ योगी के अध्यक्षता में बैठक की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नम्रता श्रीवास्तव, उप जिलाधिकारी तुलसीपुर मंगलेश दुबे मुख्य विकास अधिकारी रिया केजरीवाल सहित जनपद के जिला स्तरीय व स्थानीय अधिकारी मौजूद रहे।

प्रभाकर

RELATED ARTICLES

Most Popular