इटावा (हि.स.)। लोकसभा सीट से बीजेपी सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने लोकसभा क्षेत्र में पड़ने वाले बीहड़ी इलाकों में पिपरौली गढ़िया और हनुमंतपुरा चौराहा पर बैंको की शाखाये खोलने की मांग संसद में रखी।
सांसद प्रो. रामशंकर कठेरिया ने संसद में कहा कि इटावा लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले बीहड़ी इलाकों के 150 से अधिक गांव सड़क और बैंको की सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा कि बीहड़ी इलाके में पड़ने वाले इलाकों में कई गांव में सड़क नहीं है। मजबूरी में ग्रामीणों को जंगलों से होते हुए तीस किलोमीटर की पैदल यात्रा करके लखना में स्थित बैंक में जाना पड़ता है। इसी वजह से उन गांव में ज्यादातर ग्रामीण बैंकिंग सुविधाओं से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद कुछ बैंकों ने अपनी शाखायें खोलकर अपनी सेवाएं दी थी, लेकिन बीहड़ी इलाकों में दस्यु गिरोह का आतंक पनपने के बाद लूट और अन्य घटनायें घटित होने से बैंकों ने अपनी शाखायें बन्द करके वहां से अपनी सेवाएं समाप्त कर दी थी। मौजूदा समय में अब उन इलाकों में दस्यु गिरोहों का सफाया पूरी तरीके से हो चुका है और अमन शांति का माहौल बरकरार है। इसलिए वह वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण से बीहड़ी इलाकों के पिपरौली गढ़िया और हनुमंतपुरा चौराहा पर बैंकों की शाखायें खुलवाने की मांग करते हैं, जिससे 150 से अधिक गांव के ग्रामीण बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सके।
रोहित
