लखनऊ(हि.स.)। नववर्ष के पहले दिन लखनऊ में हनुमान सेतु मंदिर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण मंदिर के बाहर सड़क पर जाम लग गया। यातायात पुलिस टीम की मशक्कत के बाद कुछ ही देर में सड़क पर यातायात सामान्य हुआ।
हनुमान सेतु मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की कतार लगायी। वहीं दूसरे द्वार बंद रखे गये, जिससे श्रद्धालुओं के वाहन सड़क पर खड़े होने लगे। सड़क पर खड़े वाहनों को हटाया नहीं जा सका और इसी कारण से यातायात पुलिस के कर्मियों ने दूसरे छोर पर खड़े होकर उल्टा दिशा की ओर जा रहे वाहनों को रोकना शुरू किया। तभी सड़क के सामने की ओर सड़क पर जाम लगने लगा। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया। यह सिलसिला अपराह्न एक बजे तक बना रहा। इसी दौरान माला फूल की दुकानों पर भी भीड़ दिखायी पड़ी।
हनुमान सेतु मंदिर की तरह दूसरे हनुमान मंदिरों पर भी अपार भीड़ देखी गई। सुबह सूर्योदय के बाद से ही हजरतगंज स्थित हनुमान मंदिर, विकास नगर स्थित गुलाचीन हनुमान मंदिर, डंडईया स्थित हनुमान मंदिर और अन्य मंदिरों पर लोगों ने दर्शन पूजन किये। लखनऊ में भगवान हनुमान की पूजा का विशेष महत्व होने के कारण शहर के अन्य छोटे-बड़े हनुमान मंदिरों में सुबह से अपराह्न तक श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहा।
शरद
