बलरामपुर । नववर्ष के पहले दिन शक्तिपीठ मंदिर देवीपाटन में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने मां पाटेश्वरी जी के दर्शन पूजन कर परिवार के सुख-समृद्धि के लिए मंगलकामनाएं कीं।
31 दिसंबर की रात्रि से ही पहुंच गए थे श्रद्धालु : नववर्ष के प्रथम दिन शनिवार को शक्ति की आराधना के लिए 31दिसंबर की मध्य रात्रि को ही क्षेत्र के कोने-कोने से श्रद्धालु देवीपाटन पहुंच गए । श्रद्धालु पवित्र सरोवर सूर्य कुंड में स्नान कर कतारबद्ध होकर मां पाटेश्वरी जी का दर्शन पूजन कर रहे हैं। शक्तिपीठ पर सुबह से ही श्रद्धालु जुटे हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर व स्थानीय प्रशासन द्वारा साफ-सफाई सुरक्षा व अन्य बिंदुओं पर व्यापक व्यवस्था की गई है ।
भीड़ को देखते हुए की गई व्यापक व्यवस्था : देवीपाटन महंत मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि श्रद्धालुओं के भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर व स्थानीय प्रशासन के द्वारा साफ सफाई, ठंड से बचाव को लेकर जगह-जगह अलाव सहित विभिन्न बिंदुओं पर व्यापक व्यवस्था की गई है।
51 शक्तिपीठों में प्रमुख पीठ मंदिर देवीपाटन: शक्तिपीठ मंदिर देवीपाटन की गणना 51शक्तिपीठों में प्रधान पीठ के रूप में होती है। यहां देश के कोने-कोने के अलावा नेपाल से भी श्रद्धालुओं का आवागमन पूरे वर्ष होता है। यह चैत्र व शारदीय नवरात्रि के समय एक माह का मेला लगता है। प्रदेश सरकार द्वारा यहां लगने वाले मेला को राजकीय मेले का दर्जा प्राप्त है। मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था गोरक्षनाथ मंदिर गोरखपुर के द्वारा किया जाता है। वर्तमान में यहां के मिथिलेश नाथ योगी है।
प्रभाकर
