प्रयागराज (हि.स.)। प्राकृतिक तरीके से तनाव को कम व शरीर को शांत एवं जल्दी ठीक होने में मदद करे, तो ऐसे में स्पर्श चिकित्सा सबसे बेहतर विकल्प है। यह चिकित्सा किसी मेडिटेशन से कम नहीं है।
उक्त विचार एसकेआर योग एवं रेकी शोध प्रशिक्षण और प्राकृतिक संस्थान की ओर से शनिवार को मधुबन विहार स्थित रेकी सेंटर पर निःशुल्क स्पर्श चिकित्सा प्रशिक्षण के समापन पर स्पर्श शक्ति के विख्यात ज्ञाता सतीश राय ने कही। उन्होंने कहा कि भारत में स्पर्श चिकित्सा सदियों पुरानी है। इसके प्रमाण अथर्ववेद में मिलते हैं। इसमें स्पर्श विधि माध्यम से ब्रह्मांडीय प्राण शक्ति द्वारा रोगों के चिकित्सा की अनोखी रीति है।
सतीश राय ने कहा कि स्पर्श चिकित्सा हर तरह की चिंता, डिप्रेशन, स्ट्रेस और सिर दर्द दूर करने में सक्षम है। इसके अतिरिक्त यह व्यक्ति को इमोशनली स्ट्रांग बनाने में चमत्कार की तरह कार्य करती है। यह बिना दवा के पीड़ा को दूर करने में मदद करती है। घुटनों का दर्द, कमर दर्द, मोच, पैर दर्द से परेशान लोगों को स्पर्श शक्ति से उपचार करने पर काफी फायदा होता है। इससे अनिद्रा की समस्या दूर होकर अच्छी एवं गहरी नींद आती है, जो हमें डिप्रेशन व बेचैनी से बचाती है। स्पर्श चिकित्सा की शक्ति भगवान बुद्ध एवं ईसा मसीह एवं उनके शिष्यों में भी थी जिसके द्वारा उनके शिष्य लोगों के दुःखों को दूर करते थे।
विद्या कान्त
