-आगरा, बुलंदशहर, गोण्डा, उन्नाव फिरोजाबाद समेत कई शहर में हो रहे प्रदर्शन
-अभ्यर्थियों का कहना पुरानी नीति के तहत हो भर्ती
लखनऊ(हि.स.)। सेना की नई भर्ती प्रक्रिया को लेकर गुरुवार को उत्तर प्रदेश के कई शहरों में अभ्यर्थियों ने विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि सरकार इस अग्निपथ योजना को वापस ले, वरना यह विरोध प्रदर्शन आंदोलन का रुप लेगा। किसान संगठन समेत कई संगठनों को साथ लेकर दिल्ली में भी प्रदर्शन करेंगे।
उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर, गोण्डा, उन्नाव, फिरोजाबाद समेत कई शहरों में सेना की नई भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार ने जो योजना लागू की है उससे उनका कोई हित नहीं दिख रहा है। बजट कम कर दिया गया है, जबकि एमपी, एमएलए का बजट वही है। सड़कों पर उतरे अभ्यर्थियों ने बैनर और पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहा है। इस दौरान कई जगह पर छात्रों से पुलिस की झड़प हुई। बुलंदशहर में पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा है। पुलिस ने छात्रों को हिरासत में लिया है। खबर लिखे जाने तक जगह-जगह अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे थे।
केन्द्र सरकार की ओर से सेनाओं को यूथफुल बनाने के लिए अग्निपथ योजना लाई गई है। अग्निवीर बनने के लिए उम्मीदवारों की आयु साढ़े 17 साल से 21 साल के बीच होनी चाहिए। इस योजना के तहत हर साल करीब 45 हजार युवाओं को सेना में शामिल किया जाएगा। ये भर्तियां मेरिट और मेडिकल टेस्ट के आधार पर की जाएंगी।
जबकि छात्र अग्निपथ योजना के खिलाफ हैं। उनकी मांग है कि सेना में पूर्व की नियमावली के अनुसार स्थायी नियुक्ति हो। विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि नई योजना के तहत सेना में बहाली होने से युवाओं का भविष्य सुरक्षित नहीं, बल्कि अंधकार पूर्ण हो जायेगा।
दीपक
