रैली को ऐतिहासिक बनाने में जुटे कार्यकर्ता
सुलतानपुर दिसम्बर (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की 28 दिसम्बर को जनसभा को सम्बोधित करने आ रहे हैं। उनके साथ उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा भी मौजूद रहेंगे। इस रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ आर.ए. वर्मा ने शहर के एक निजी रेस्टोरेंट में सोमवार को प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री तीसरी बार सुलतानपुर आ रहे हैं। जन विश्वास रैली में 50 हजार से अधिक लोगों को रैली स्थल पर लाने का लक्ष्य रखा गया है। अमित शाह एक बजे के करीब पुलिस लाइन पर बनाए गए हैलीपैड पर चॉपर से लैंड करेंगे। तत्पश्चात वे सीधे आवास विकास मैदान स्थित रैली स्थल के लिए रवाना हो जाएंगे। अमित शाह पुलिस लाइन से आजाद पार्क चौराहा होते हुए पंथ स्टेडियम नॉर्मल चौराहा होते हुए सीधे आवास विकास के मैदान पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि जिले के लोगों को रैली स्थल पर आने के लिए टांटियानगर बाईपास पर बसों को खड़े करने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। दो पहिया वाहन और छोटी गाड़ियों की पार्किंग आईएएस प्रतिभा वर्मा रोड होते हुए आवास विकास के खाली पड़े मैदान में खड़ी होगी।
डॉ वर्मा ने कहा कि मौसम को देखते हुए वाटर प्रूफ पंडाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। जन विश्वास रैली को सफल बनाने के लिए काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेश चन्द्र श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी शंकर गिरि, काशी क्षेत्र के महामंत्री सुशील त्रिपाठी, काशी क्षेत्र मंत्री आशीष सिंह बघेल लगातार जिले में कैंप किए हुए हैं और रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। देर शाम भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने रैली स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दयाशंकर
