Saturday, April 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशयूपी में गुंडाराज अब इतिहास का हिस्सा : केशव मौर्या

यूपी में गुंडाराज अब इतिहास का हिस्सा : केशव मौर्या

-सपा गरीब की नहीं, जाति व तुष्टिकरण की राजनीति करती है : उप मुख्यमंत्री

-साफ होगा सपा का सूपड़ा, तीन सौ से अधिक सीटें जीतकर भाजपा फिर बनाएगी सरकार : मौर्या

-बदायूं में भाजपा की जनविश्वास यात्रा

बदायूं, 27 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा ने गरीब की नहीं एक जाति और तुष्टिकरण की राजनीति की है। चुनाव करीब आने पर चुनावी हिन्दू बन गये हैं, लेकिन तारीफ जिन्ना की करते हैं जो देश के बंटवारे का जिम्मेदार है। वहीं कल्याण सिंह ने 6 दिसम्बर 1992 को मुख्यमंत्री की अपनी कुर्सी रामलला के चरणों में चढ़ा दी थी।

उप मुख्यमंत्री केशव मौर्या सोमवार को बदायूं में भाजपा की जन विश्वास यात्रा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपी से गुंडाराज अब इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया है। अब कोई गुंडा-माफिया किसी की जमीन, दुकान या मकान पर कब्जा नहीं कर सकता है। गुंडों की जमीन पर गरीबों के मकान बनाने की शुरुआत प्रयागराज से हो चुकी है। गुंडों की राजनीति करने वालों को या तो राजनीति छोड़नी पड़ेगी या सन्यास लेना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि सपा का इत्र बनाने वाले के घर से 280 करोड़ रुपये केवल एक तहखाने से मिल रहा है। ऐसी भ्रष्ट सपा को सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में इनको भ्रष्टाचार का सपना भी न आये। सपा पर परोक्ष रूप से हमला करते हुए मौर्या ने कहा कि शत्रु के मरने पर अंतिम विदाई दी जाती है, लेकिन वोट बैंक की नाराजगी के भय से सपा ने यह शिष्टाचार भी नहीं निभाया।

केशव मौर्या ने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली सपा ने कांवर यात्रा में शिवभक्तों पर लाठी चलवायी। ऐसी तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली सपा को सजा मिलनी चाहिए। वहीं भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास की भावना से हिन्दू-मुसलमान में भेद किये बिना सबको अनाज, किसान सम्मान निधि दे रही है।

उन्होंने कहा मुंगेरीलाल की तरह सत्ता का सपना देख रही सपा का 2022 के चुनाव में भी सूपड़ा साफ होगा और भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतकर दोबारा सरकार बनाएगी।

पीएन द्विवेदी

RELATED ARTICLES

Most Popular