मेरठ (हि.स.)। जिलाधिकारी के. बालाजी ने बताया कि आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन रोकने के लिए चुनाव आयोग ने सी-विजिल ऐप विकसित किया है। इस ऐप पर की जाने वाली शिकायतों पर 100 मिनट में कार्रवाई होगी।
चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए कई उपाय किए हैं। आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट के लिए सी-विजिल ऐप विकसित किया गया है।
जिलाधिकारी के. बालाजी ने बताया कि सी-विजिल ऐप पर शिकायत अपलोड होने पर केवल 100 मिनट में कार्रवाई की जाएगी। इस ऐप पर शिकायत अपलोड होने के 05 मिनट के अंदर जिला नियंत्रण कक्ष फील्ड यूनिट को सत्यापन के लिए शिकायत सौंपेगा। 15 मिनट में फील्ड यूनिट मौके पर पहुंचेगी। 30 मिनट में फील्ड टीम द्वारा कार्रवाई और रिपोर्ट जमा की जाएगी। 50 मिनट में रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा वस्तु स्थिति की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस ऐप का उपयोग केवल आचार संहिता उल्लंघन की सूचना देने के लिए होगा। पहले से ही रिकॉर्ड इमेज या वीडियो अपलोड नहीं होगी। इस ऐप के माध्यम से खींचे गए फोटो या वीडियो मोबाइल की गैलरी में सेव नहीं होंगे। इससे शिकायतकर्ता केवल अपने चुनावी राज्य में ही शिकायत कर सकता है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सी-विजिल इन्स्टॉल करने वाले व्यक्ति को पता चल जाएगा कि यह ऐप केवल चुनाव वाले राज्य में सक्रिय होता है। इससे आचार संहिता उल्लंघन के चित्रात्मक साक्ष्य भेजे जा सकते हैं। सी-विजिल ऐप की तत्काल लोकेशन सत्यापन संबंधी विशेषता भ्रष्ट एवं गलत कार्य करने वालों के लिए मजबूत निवारण के रूप में कार्य करेगी। इससे उन्हें आसानी से ट्रेक किया जा सकता है। इसमें शिकायतकर्ता का नंबर और पहचान गुप्त रखी जाती है।
कुलदीप
