– 15 से 18 वर्ष तक के बच्चों के वैक्सीनेशन के लिए 15 जनवरी से महाअभियान
– युवा कल्याण, नेहरू युवा केंद्र, रेडक्रॉस, चाइल्ड लाइन एवं नागरिक सुरक्षा संगठन भी अभियान में होंगे शामिल
वाराणसी (हि.स.)। वाराणसी परिक्षेत्र के मण्डलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर ने दस्तक दे दिया है। तीसरी लहर अभी खतरनाक या तकलीफदेह नहीं है। लेकिन आने वाले दिनों में किस रूप में बढ़ेगी कहा नहीं जा सकता। ऐसे में वैश्विक महामारी से बचाव के लिए वैक्सीनेशन एक अहम हथियार है। टीकाकरण के सुरक्षा चक्र से ही अपना,परिवार और समाज का बचाव कर सकते हैं।
कमिश्नरी सभागार में बुधवार को मीडिया से रूबरू मण्डलायुक्त ने बताया कि शासन स्तर से 15 से 18 वर्ष के बच्चों का वैक्सीनेशन विद्यालयों में जाकर कराने का निर्णय लिया गया है। वाराणसी मंडल में इस उम्र के बच्चों के लिए टीकाकरण के लिए 15 और 16 जनवरी को महाअभियान चलाया जायेगा।
उन्होंने बताया कि इसके लिए ठंठ के चलते बंद विद्यालयों को खोलने का निर्देश दिया गया है। विद्यालयों में पठन-पाठन नहीं होगा सिर्फ टीकाकरण का कार्य होगा। दो दिवसीय महाअभियान में अर्दली बाजार स्थित एलटी कालेज परिसर और सिगरा स्थित खेल स्टेडियम में पूरे दिन टीकाकरण होगा।
उन्होंने बताया कि 3 लाख बच्चों का टीकाकरण कराया जाना है। स्कूलों के अलावा आईटीआई, कोचिंग संस्थान, इंजीनियरिंग एवं हायर एजुकेशन सहित ग्रामीण क्षेत्रों के 15 से 18 वर्ष आयु के बच्चों का टीकाकरण कराया जाएगा।
स्पोर्ट्स क्लब के ऐसे बच्चे जो स्कूलों में पंजीकृत नहीं है, उनका भी टीकाकरण कराया जाए। बच्चों के टीकाकरण के लिए स्कूलों में कैंप लगाए जाएंगें। उन्होंने बताया कि जिले में 97 फीसदी लोग कोविड से बचाव के लिए प्रथम डोज ले चुके है। दूसरी डोज भी 60 फीसदी लोगों को लग चुकी हैं। बच्चों के टीकाकरण के साथ दूसरी डोज के टीकाकरण के लिए अभियान चल रहा है।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि जिला प्रशासन का पूरा प्रयास है कि कोविड टीकाकरण के सुरक्षाचक्र से जिले में कोई न छूटे। उन्होंने बताया कि सभी 15-18 वर्ष आयु के बच्चों का टीकाकरण कराना सुनिश्चित कराने के लिए युवा कल्याण, नेहरू युवा केंद्र, रेड क्रॉस, चाइल्ड लाइन एवं नागरिक सुरक्षा संगठन का भी सहयोग लिया जा रहा है। मदरसों, झुग्गियों और मलिन बस्तियों में निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण कराने के लिए पूरी तैयारी है। स्कूलों के अलावा आईटीआई, कोचिंग संस्थान, इंजीनियरिंग और हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूशन सहित ग्रामीण क्षेत्रों के 15 से 18 वर्ष आयु तक के सभी बच्चों का वैक्सीनेशन हर हाल में कराया जाएगा। ढाबा, ईंट-भट्ठा पर रहने वाले बच्चों का वैक्सीनेशन कराएंगे। नगर निगम के अधिकारी गलियों एवं सड़क के किनारे रहने वाले निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों का वैक्सीनेशन कराने के लिए राशन के दुकानदारों और पार्षदों का सहयोग लिया जायेगा। गलियों में घूमने व दुकानों पर काम करने वाले ऐसे बच्चे जो विद्यालय नहीं जाते, उनका वैक्सीनेशन डॉक्टर संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम और एलटी कॉलेज के सेंटर पर कराया जाएगा।
उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि ठंड और स्कूलों में छुट्टी खत्म होने का इंतजार न करें। बच्चों को नजदीकी सेंटर पर ले जाकर टीकाकरण कराये। उन्होंने बताया कि कोविड के तीसरी लहर से बचाव के लिए अस्पतालों में बेड रिजर्व किया गया है। पांडेयपुर स्थित पं.दीन दयाल उपाध्याय के साथ बीएचयू, रेलवे के दोनों अस्पतालों, लहरतारा स्थित कैंसर अस्पताल में व्यवस्था की गई है। निजी अस्पतालों से भी सहयोग लिया जा रहा हैं। दूसरे लहर में निजी अस्पतालों में ओवर चार्जिग और लाश न देने की शिकायतों को ध्यान में रखकर उन्हें चेतावनी भी दी गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि टेलीमेडिसिन सेवा और पहले की भांति दवाओं के वितरण पर भी जोर दिया गया है। चुनाव में मतदान कार्मिकों के सुरक्षा का भी खासा ध्यान दिया जा रहा है। कार्मिकों की 20-20 के ग्रुप में प्रशिक्षण होगा। पार्लियों पार्टियों को भी पांच जगहोंं से रवाना किया जायेगा। सात मार्च मतदान के पहले सभी कार्मिक और मतदाता टीकाकरण करा लें, इस पर खासा ध्यान दिया जा रहा है।
श्रीधर
