-चाचा शिवपाल यादव की पार्टी को छह सीटें देंगे अखिलेश
-टीएमसी और एनसीपी को भी एक-एक सीट मिली
लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय पर बड़ी बैठक हुई है। इस बैठक में सपा अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे पर मंथन कर रही है। सपा कार्यालय पर अखिलेश यादव के अलावा, प्रसपा के मुखिया शिवपाल यादव, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओमप्रकाश राजभर, रालोद चीफ जयंत चौधरी समेत अन्य दलों के नेता मौजूद हैं।
समाजवादी पार्टी के समक्ष सभी दलों को सीट देकर संतुष्ट कर पाना बड़ी चुनौती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सपा गठबंधन में शिवपाल यादव को करीब छह सीटें दिए जाने पर सहमति बनी है। हालांकि अखिलेश यादव के चार्चा शिवपाल यादव दर्जन सीटों की मांग कर रहे हैं। शिवपाल के बेटे आदित्य जसवंत नगर सीट से चुनाव लड़ेंगे। रालोद मुखिया जयंत चौधरी करीब तीन दर्जन सीटें मांग रहे हैं। सपा डेढ़ दर्जन सीटें ही देने पर विचार कर रही है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जयंत इससे कम सीटें मिलने पर राजी नहीं होंगे। बैठक से बाहर निकले ओपी राजभर ने मीडिया प्रतिनिधियों से कहा कि सपा गठबंधन सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगा और सरकार बनाएगा। राजभर ने यह नहीं बताया कि उनकी पार्टी को कितनी सीटें मिल रही हैं।
मिल रही जानकारी के मुताबिक ममता बनर्जी की तृणमूल पार्टी के लिए एक सीट छोड़ेगी। माना जा रहा है कि इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी के पौत्र ललितेश पति त्रिपाठी चुनाव लड़ेंगे। ललितेश कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं और पूर्वांचल के बड़े चेहरे हैं। इसके अलावा शरद पवार की पार्टी एनसीपी को भी इस गठबंधन में एक सीट मिल सकती है।
दिलीप शुक्ला
