बुलंदशहर (हि.स.)। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में छापा मारा है। बताया जा रहा है कि पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में हथियार सप्लाई के मामले में खुर्जा के रहने वाले दो युवकों का नाम सामने आया था।
एनआईए ने मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे खुर्जा कोतवाली के तरीनान इलाके में स्थानीय पुलिस के साथ छापेमारी की और घर में मौजूद लोगों से कई घंटों तक पूछताछ की।
ऐसी खबर है कि एनआईए को किसी मामले में पुख्ता जानकारी मिली है कि तरीनान मोहल्ले में रहने वाले रिजवान नाम के व्यक्ति खुद या उसके रिश्तेदार मूसेवाला मामले से जुड़े हुए हैं। पूर्व में भी इस तरह के बयान आए थे कि पंजाबी सिंगर मूसेवाला हत्या प्रकरण में जिन हथियारों का उपयोग हुआ है, वे खुर्जा से सप्लाई किए गए थे। इसमें रेहान और उसके भतीजे शहबाज का नाम सामने आया था।
आज जब पूरे देश में पीएफआई को लेकर अन्य जगहों पर भी छापे पड़ रहे हैं तो बुलंदशहर में भी छापा पड़ा है। इस मामले को पीएफआई से ताल्लुकात और मूसेवाला हत्याकांड से जोड़ कर देखा जा रहा है। हालांकि कोई अधिकारी अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है।
सचिन
