– चेहरे पर चोट के मिले निशान, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
कानपुर (हि.स.)। घाटमपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को बाजरे के खेत में एक किसान का शव मिला। लाश औंधे मुंह पड़ी थी और गला गमछा से कसा हुआ था। चेहरे पर चोट के निशान हैं। शव की दशा को देखकर घरवालों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के जरिये साक्ष्य जुटाए।
देवली गांव निवासी किसान जगरूप यादव (45) के परिवार में पत्नी गायत्री, 17 वर्षीय बेटा अनिल और 15 वर्षीय बेटी रिचा है। तीन दिन पहले जगरूप मौसी के घर गया था। सोमवार को वह मौसी के यहां से वापस लौटा, लेकिन घर नहीं पहुंचा। मंगलवार को जगरूप का शव लक्ष्मणखेड़ा और देवली गांव के बीच बाजरे के खेत में रक्तरंजित हालत में पड़ा मिला। जानकारी होने पर परिवार को लोग पहुंच गए। लाश औंधे मुंह पड़ी थी और गला गमछा से कसा हुआ था। चेहरे पर चोट के निशान है। इस पर घरवालों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है।
थाना प्रभारी रामबाबू सिंह ने बताया कि खेत में किसान का शव मिला। परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। घटनास्थल की फोरेंसिक जांच करायी गई है। शव को पोस्टमार्टम भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अजय
