Saturday, April 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसावरकर, गोलवलकर और गोडसे कभी नहीं बन सकते राष्ट्रपिता : ओमप्रकाश राजभर

सावरकर, गोलवलकर और गोडसे कभी नहीं बन सकते राष्ट्रपिता : ओमप्रकाश राजभर

बलिया (हि.स.)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने रविवार को फिर एक बार हिन्दुत्व पर बेवजह हमला बोले हैं। कहीं से कोई ऐसी मांग नहीं की गई है, फिर भी उन्होंने कहा है कि सावरकर, गोलवलकर और गोडसे कभी ‘राष्ट्रपिता’ नहीं बन सकते। ये लोग महात्मा गांधी का स्थान नहीं ले सकते। महात्मा गांधी बनने के लिए बहुत त्याग-तपस्या करनी पड़ती है। देश के लिए जो योगदान हमारे महापुरुषों ने किया है, उसमें आरएसएस का योगदान नहीं है। ये माफी मांगने वाली टीम है।

श्री राजभर ने भाजपा नेताओं को सावरकर के बच्चे की संज्ञा देते हुए कहा कि ये लोग हमेशा माफी मांगते हैं। कहा कि ये लोग गोडसे को महापुरुष बनाने जा रहे हैं, जिसने महात्मा गांधी को गोली मारी थी। तीनों कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की घोषणा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा माफी मांगे जाने पर तंज कसते हुए कहा कि ये लोग कब क्या बोलेंगे कोई ठीक नहीं। बाद में माफी मांग लेंगे।

ओमप्रकाश राजभर को उनके बलिया के रसड़ा स्थिति केंद्रीय कार्यालय पर 2011 की 72825 शिक्षकों की भर्ती से जुड़े बीएड-टेट के अभ्यर्थी ज्ञापन देने आए थे। जिन्हें सम्बोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बीएड-टेट अभ्यर्थियों से कहा कि सुभासपा और सपा की रैलियों में दो लाख लोग जुट रहे हैं। जो योगी का बाजा बजाएंगे। बोले, यहां से संकल्प लेकर जाइए कि जब तक भाजपा की विदाई नहीं तब तक कोई ढिलाई नहीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मुद्दे पर अखिलेश यादव से बात करेंगे। 2022 में सरकार बनने पर कानून बनाकर काम करेंगे।

ओमप्रकाश राजभर ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा के मंत्री, विधायक, सांसद और कार्यकर्ता सबको नागपुर में झूठ बोलने की ट्रेनिंग दी जाती है। इन लोगों से पूछना चाहिए कि डबल इंजन की सरकार है, गैस सिलेंडर का दाम चार सौ से बढ़ाकर एक हजार किया। कम क्यों नहीं किया। सरसों का तेल पचास रुपये से बढ़ाकर ढाई सौ कर दिया। सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट दो साल से अधिक समय बीत जाने के बाद भी लागू नहीं की गई।

डबल इंजन की सरकार के नेताओं को महगांई, भ्रष्टाचार, सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट और जातिवार जनगणना पर बोलने की हिम्मत नहीं है। यही कारण है कि भाजपा से त्रस्त जनता विकल्प खोज रही है। वह विकल्प भारतीय समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी 2022 में देने जा रही है।

ओमप्रकाश राजभर रसड़ा के बसपा विधायक उमाशंकर सिंह पर भी हमले किए। कहा कि जिला पंचायत चुनाव में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह भाजपा को जिताने के लिए पैसे बांट रहे थे। बसपा-भाजपा का अंदरुनी गठबंधन है।

RELATED ARTICLES

Most Popular