मशहूर फिल्ममेकर विशाल भारद्वाज के बेटे आसमान भारद्वाज की फिल्म ‘कुत्ते’ काफी समय से चर्चा में है। इस फिल्म से आसमान भारद्वाज बतौर निर्देशक बॉलीवुड में कदम रखने जा रहे हैं। अर्जुन कपूर, कोंकणा सेन शर्मा, तब्बू, नसरुद्दीन शाह, कुमुद मिश्रा, राधिका मैदान और श्रुदुल भारद्वाज के अभिनय से सजी इस फिल्म का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज हो गया है।
फिल्म का ट्रेलर सस्पेंस से भरपूर है। ट्रेलर देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म की कहानी बदमाशों और पुलिस के बीच की रस्साकशी की है। खबर मिलती है कि एक गाड़ी में 4 करोड़ का माल है,जिसे हर कोई पाने के लिए अपने -अपने तरीके से लग जाता है। खास बात ये है कि ट्रेलर में शाहिद कपूर-स्टारर कमीने के मजेदार टाइटल सॉंग की एक झलक भी है, जो एक चार्टबस्टर गाना था।
लव फिल्म्स और विशाल भारद्वाज फिल्म्स के बैनर तले लव रंजन, विशाल भारद्वाज, अंकुर गर्ग और रेखा भारद्वाज द्वारा निर्मित ‘कुत्ते’ गुलशन कुमार और भूषण कुमार की टी-सीरीज़ द्वारा प्रस्तुत है। फिल्म का संगीत विशाल भारद्वाज देंगे और इसके बोल गुलजार ने लिखे हैं। ‘कुत्ते’ 13 जनवरी 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
सुरभि सिन्हा
