Wednesday, April 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा सुप्रीमो अखिलेश ने श्यामलाल से कहा, ''पहले पढ़ो, फिर नेता बनना''

सपा सुप्रीमो अखिलेश ने श्यामलाल से कहा, ”पहले पढ़ो, फिर नेता बनना”

– महराजगंज के नन्हें समर्थक को सैफई बुला अखिलेश ने की मुलाकात

महराजगंज (हि.स.)। सुर्खियों में छाए नौतनवा के नन्हे मुलायम समर्थक श्यामलाल से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुलाकात हो गई। नेताजी की अंत्येष्टि में पहुंचने का सपना भले ही पूरा न हो पाया लेकिन शनिवार को वह सैफई में अखिलेश से जरूर मिल लिया।

यह वही 10 साल का नन्हा नवरत्न यादव उर्फ श्यामलाल यादव है, जिसने नेताजी के निधन की खबर सुन घरवालों को बिना बताए ट्रेन से सैफई जाने के लिए निकल पड़ा था। रास्ता भटकने पर कानपुर जीआरपी के पास पहुंचे नवरत्न ने मुलायम सिंह की अंत्येष्टि मे जाने की मंशा बताई थी और तभी उसका वीडियो वायरल हो गया। उसकी भावनाओं का संज्ञान लेते हुए अखिलेश ने उसे सैफई बुलाया। शुक्रवार की देर शाम को सैफई पहुंचे नवरत्न से अखिलेश ने शनिवार को ढेर सारी बातें की। खाना खिलाया और कहा पहले पढ़-लिख लो फिर नेता बनना। अखिलेश ने उसकी पढ़ाई-लिखाई का खर्च उठाने का भी वादा किया है।

सपा के संस्थापक मुलायम सिंह के निधन से शोकाकुल नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मल्हनी फुलवरिया निवासी सिकंदर यादव के 10 वर्षीय पुत्र नवरत्न यादव उर्फ श्यामलाल नेताजी के अंतिम दर्शन का दृढ़ संकल्प लेकर लक्ष्मीपुर से ट्रेन पर अकेले रवाना हुआ यह बच्चा इटावा में रास्ता भटककर कानपुर पहुंच गया। वहां जीआरपी के जवानों ने उसे रोक लिया और उसके परिजनों को सूचित किया। परिजन गुरुवार की देर रात कानपुर से उसे लेकर घर पहुंचे। शुक्रवार की सुबह होते-होते मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव तक पहुंच गया। उन्होंने इस मासूम का वायरल वीडियो देखा तो तत्काल पार्टी के जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन से बात कर बच्चे के साथ पूर्व विधायक कुंवर कौशल उर्फ मुन्ना सिंह को सैफई बुलाया। शुक्रवार को मुन्ना सिंह नवरत्न को लेकर सैफई के लिए रवाना हुए थे।

कक्षा पांच का छात्र है नवरत्न

10 वर्षीय नवरत्न गरीब परिवार का है। वह गांव के ही कम्पोजिट विद्यालय में पांचवीं का छात्र है। उससे बड़ी दो बहने हैं और एक छोटा भाई। पिता सिकंदर खेती-मजदूरी करते हैं, जबकि मां पुष्पा देवी गृहिणी हैं। विधानसभा चुनाव में साइकिल में सपा का झंडा बांधकर प्रचार भी किया है।

आमोद

RELATED ARTICLES

Most Popular