-योगी के मंत्री बोले, जनता अब सपा को कभी नहीं देगी ऐसा मौका
– तरक्की कर रहे प्रदेश को रसातल में नहीं जाने देगी जनता
लखनऊ (हि.स.)। अपने पिछले कार्यकाल में समाजवादी पार्टी (सपा) ने सूबे को ‘शैतान का कारखाना’ (अपराधियों और अत्याचारियों के रहने और पैदा होने की जगह) बना दिया था। एक बार वह फिर उसी मंशा से जनता के बीच है। हालांकि, जनता सपा के इस चरित्र से भली-भांति वाकिफ हो चुकी है। लिहाजा डबल इंजन (मोदी-योगी) की सरकार की अगुवाई में तरक्की पर जा रहे उत्तर प्रदेश को रसातल में ले जाने का मौका वह सपा को कभी नहीं देगी।
यह बातें भाजपा के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने मंगलवार को एक बयान में कही। खन्ना ने कहा कि लोगों को सपा के पिछले कार्यकाल में मुजफ्फरनगर के कैराना समेत पूरे प्रदेश में हुए एक हजार, 500 से अधिक दंगे, उनकी भयावहता और इनमें हुई जान-माल की क्षति ठीक से याद है।
खन्ना ने कहा कि जनता ने सपा पोषित ‘बीपीएल कार्डधारी’ गायत्री प्रजापति और इंजीनियर यादव सिंह के भ्रष्टाचार को भी देखा है। कोई भी क्षेत्र इनके भ्रष्टाचार से अछूता नहीं था। गोमती रिवर फ्रंट, समाजवादी पेंशन, लैपटॉप, बेरोजगारों के भत्ते, नोएडा अथॉरिटी के घोटाले इसके कुछ प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि सपा का पिछला कार्यकाल उसकी अराजकता और उसके लोगों की गुंडई के लिए ही जाना जाता है। माफिया एवं अपराधियों को संरक्षण, ऐसे तत्वों और अपने चहेतों को लूट की खुली छूट देना, संवैधानिक और प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित कराने वाली संस्थाओं की शुचिता और पारदर्शिता को तार-तार करना सपा की उपलब्धियां रहीं। ऐसे में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लाख जतन कर लें, उनका सत्ता हासिल करने का सपना अब पूरा होने से रहा।
योगी के मंत्री ने कहा कि बीते करीब पांच साल में बीजेपी सरकार ने अपराध को समूल नष्ट करने का जो कार्य किया है, वह जनभावनाओं के अनुरूप है। ऐसे में जनता दोबारा भाजपा की डबल इंजन सरकार को ही नेतृत्व सौंपने का संकल्प ले चुकी है। जनता अब इस प्रदेश को दोबारा माफिया-अपराधियों का चारागाह नहीं बनने देगी और यही वजह है कि वह अखिलेश यादव को दूर-दूर तक तवज्जो नहीं दे रही है।
पीएन द्विवेदी
