-जैसे-जैसे भाजपा को हार सताएगी ईडी व सीबीआई भी आएंगे
– पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा- निषाद समाज का किया गया अपमान
रायबरेली (हि.स.)। आयकर विभाग द्वारा सपा नेताओं पर की गई छापेमारी पर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला। रायबरेली दौरे के दूसरे दिन एक प्रेसवार्ता में अखिलेश ने कहा कि योगी सरकार जब हार रही है तो डिपार्टमेंट को भी चुनाव प्रचार में उतरा है।
उन्होंने सवाल किया कि आखिर चुनाव से पहले ही छापा क्यों मारा गया। चुनाव से एक महीने पहले क्यों? जबकि विभाग के पास सभी जानकारी पहले से है। बैलेंस शीट जब जमा किया तब भी छापा मार सकते थे और नोटिस दे सकते थे, पूछताछ कर सकते थे लेकिन जैसे ही चुनाव करीब आया है। सरकार के साथ-साथ यह डिपार्टमेंट भी अब चुनाव लड़ने में उतर आया।
अखिलेश यादव ने पत्रकारों से कहा कि सच दिखाने पर क्या होता है? आपको पता है। एक पत्रकार साथी ने केवल दाल में पानी दिखा दिया उसे जेल जाना पड़ा, एक पत्रकार साथी ने सही खबर दिखा दिया उसे मुकदमे लग गए। उन्होंने कहा कि कोई भी इस सरकार में सुरक्षित नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को हार जैसे-जैसे सताएगी दिल्ली से बड़े-बड़े नेता आएंगे और कोई नेता बचेगा नहीं जो उत्तर प्रदेश में न आए।
अभी तक इन्हीं का इंतजार था कि इनकम टैक्स कब आएगा डिपार्टमेंट ? अभी तो इनकम टैक्स आया है, ईडी आएगा, सीबीआई आएगी, न जाने कौन-कौन सी संस्थाए आएंगी। अफवाहें फैलाई जाएगी, साजिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि लेकिन उसके बावजूद साइकिल की रफ्तार कम नहीं होगी। रथ क़ी रफ्तार कम नहीं होगी और प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी का सफाया होना निश्चित है।
जैसे ही चुनाव करीब आता है भारतीय जनता पार्टी धार्मिक चश्मा लगा लेती है। कल ही की घटना है, जहां देश के बड़े-बड़े नेता मंच पर थे। निषाद सम्मेलन पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि निषाद समाज को भारतीय जनता पार्टी ने धोखा दिया है। कहा क़ी आपकी सभी समस्या का समाधान होगा, लेकिन जब उनको बुलाकर सम्मान देना था तो सम्मान नहीं दिया गया और हुआ उनका हक छीनने का काम हुआ है।
रजनीश/प्रभात
