Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा की बनेगी सरकार: अखिलेश

सपा की बनेगी सरकार: अखिलेश

जौनपुर (हि.स.)। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बुधवार को शाहगंज विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी जनसभा में सत्तारूढ़ भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब तक के चुनाव में सपा के पक्ष में धुआंधार वोटिंग हुई है। सपा प्रचंड मतों से चुनाव जीतेगी और सरकार बनाएगी। अखिलेश ने दावा किया कि शाहगंज के सपा प्रत्याशी की रिकॉर्ड मतों से जीत होगी।

अखिलेश यादव ने शाहगंज विधानसभा क्षेत्र के जमुनियां स्थित गजराज सिंह इंटर कॉलेज की जनसभा में कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, लेकिन काम के मामले में फिसड्डी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों को समय पर खाद नहीं दे पाई। उन्होंने कहा कि सपा ने अपने शासनकाल में जो एंबुलेंस चलाई थी उसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खराब कर दी। योगी ने डायल 100 को भी बर्बाद कर दिया। यह देश का सबसे बड़ा चुनाव है। यह बदलाव का चुनाव है।

कहा कि प्रदेश भर में 11 लाख पद खाली हैं। सत्ता में आने पर भर्ती निकाली जाएगी। सरकार बनेगी तो 24 घंटे बिजली दी जाएगी और 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। किसानों की सिंचाई माफ होगी, नौकरी और रोजगार के अवसर दिए जाएंगे। जरूरत के अनुसार जौनपुर को एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा। उन्होंने दोहराया कि सपा की इस बार ऐतिहासिक जीत होगी।

विश्व प्रकाश

RELATED ARTICLES

Most Popular