-“काशी फिल्म महोत्सव” का रंगारंग कार्यक्रम के साथ भव्य आगाज
वाराणसी दिसम्बर (हि.स.)। श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर लोकार्पण की श्रृंखला में सोमवार शाम सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में तीन दिवसीय “काशी फिल्म महोत्सव” का रंगारंग कार्यक्रम के साथ आगाज हुआ। प्रदेश के पर्यटन मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी, केंद्रीय सूचना सचिव अपूर्व चंद्रा, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं फिल्म बंधु चेयरमैन नवनीत सहगल, दिग्गज फिल्म अभिनेता अनुपम खेर, हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव, फिल्म निर्माता एवं निर्देशक मधुर भंडारकर, सतीश कौशिक, अभिनेता एवं गोरखपुर भाजपा रवि किशन, भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने संयुक्त रूप से महोत्सव का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।
इस दौरान पर्यटन मंत्री डॉ नीलकंठ तिवारी ने कहा कि काशी का विकास देश के लिए मापदंड साबित हो रहा है। आज श्री काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर पूरी दुनिया को अचंभित किए हुए हैं। पर्यटन मंत्री ने कहा कि कॉरिडोर के बन जाने से मां गंगा का साक्षात्कार बाबा विश्वनाथ से हो रहा है। मंत्री ने बताया कि श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के लोकार्पण से ही लगातार काशी में समारोह आयोजित हो रहे हैं। इसी क्रम में काशी में काशी फिल्म महोत्सव मनाये जाने, इसमें काशी से जुड़े फिल्मों का प्रदर्शन करने तथा काशी से जुड़े कलाकारों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित करने का उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्णय लिया गया।
पर्यटन मंत्री ने विशेष रूप से श्री काशी विश्वनाथ दर्शन के दौरान 1916 में महात्मा गांधी द्वारा किए गए टिप्पणी का जिक्र करते हुए कहा कि इतने अर्से बाद भी महात्मा गांधी की भावनाओं का किसी भी राजनीतिक दल ने चिंता नहीं की। देश-दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय एवं काशी के सांसद देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महात्मा गांधी के भावनाओं को फलीभूत करने का कार्य किया।
महोत्सव में सांसद रविकिशन ने कहा कि केन्द्र और प्रदेश सरकार के कार्यकाल में प्रतिदिन विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन हो रहा है, जिसका लाभ सीधे-सीधे जनता को मिल रहा है। रवि किशन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का महोत्सव के लिए आभार जताया। उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का जिक्र करते हुए कहा कि यदि सरकार में सच्चाई हो तो कॉरिडोर का निर्माण होता है और मन में सच्चाई हो तो लोगों को अनाज मिलते हैं। जेवर में फिल्म सिटी का निर्माण हो रहा है, इससे फिल्म इंडस्ट्रीज को बढ़ावा मिलने के साथ ही साथ रोजगार का सृजन भी प्रदेश में होगा। उन्होंने गोरखपुर में भी फिल्म इंडस्ट्रीज विशेषकर भोजपुरी फिल्मों के निर्माण पर जोर दिया। रवि किशन ने कहा कि तमाम क्रांतिकारी ऐसे रहे जिन्हें इतिहास के पन्नों में जगह नहीं दिया गया और हमें गलत इतिहास पढ़ाया गया। गुमशुदा क्रांतिकारियों व शहीदों को वर्तमान सरकार द्वारा जगह तमाम सम्मान दिया जा रहा है।
महोत्सव में अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने अतिथियों का सम्मान करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश विकास के क्षेत्र में अग्रणी स्थान बना रहा है। प्रदेश में फिल्म निर्माण को बढ़ावा दिया जा रहा है। नोएडा जेवर में फिल्म इंडस्ट्रीज का निर्माण हो रहा है। निश्चित रूप से इससे प्रदेश में फिल्म निर्माण की सर्वाधिक संभावनाएं बढ़ेंगे।
इस अवसर पर इंडियन फिल्म एंड टेलिविजन डायरेक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक पंडित, फेडरेशन आफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्पलाइज के जनरल सेक्रेटरी अशोक दुबे आदि लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर
