Saturday, April 18, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयशोध में दावा- भारत-पाकिस्तान के बीच हुआ परमाणु युद्ध तो मरेंगे दो...

शोध में दावा- भारत-पाकिस्तान के बीच हुआ परमाणु युद्ध तो मरेंगे दो अरब से ज्यादा लोग

-अमेरिका के रटगर्स विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने किया शोध

-अमेरिका-रूस के बीच परमाणु युद्ध में जाएंगी पांच अरब जानें

वाशिंगटन (हि.स.)। रूस और यूक्रेन के बीच लगातार जारी युद्ध और ताइवान को लेकर चीन व अमेरिका के बीच बढ़ी तनातनी ने पूरी दुनिया को डरा दिया है। युद्ध को लेकर इसी डर के बीच अमेरिका के रटगर्स विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों के एक शोध में दावा किया गया है कि भविष्य में यदि परमाणु युद्ध की नौबत आई तो स्थिति संभालने लायक नहीं रहेगी और दो अरब से ज्यादा लोग मारे जाएंगे।

रटगर्स विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने पूरी दुनिया में परमाणु युद्ध की संभावना और उसके संभावित परिणामों पर शोध किया है। इस शोध में चौंकाने वाला निष्कर्ष निकाला गया है कि यदि भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध हुआ तो दो अरब से ज्यादा लोग मारे जा सकते हैं। इसी तरह यदि अमेरिका और रूस के बीच परमाणु युद्ध हुआ तो पांच अरब से ज्यादा लोगों की जान जा सकती है। इसका सीधी मतलब यह हुआ कि अमेरिका व रूस के बीच परमाणु युद्ध की स्थिति में दो साल के अंदर दुनिया की तीन चौथाई आबादी ही खत्म हो सकती है।

प्रमुख जर्नल नेचर फूड में प्रकाशित शोध निष्कर्षों में परमाणु युद्ध की स्थिति में बड़े पैमाने पर भुखमरी फैलने का अंदेशा जताया गया है। कहा गया है कि यदि रूस और अमेरिका के बीच छोटे स्तर पर भी परमाणु हथियारों का इस्तेमाल हुआ तो भी बड़े पैमाने पर लोग भुखमरी का शिकार हो सकते हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध की स्थिति में भी पूरी दुनिया में खाद्यान्न की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित होगी। शोध में कहा गया है कि परमाणु युद्ध होने की दशा में वैश्विक स्तर पर खाद्यान्न, मांस, मछली आदि की आपूर्ति में 90 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है।

संजीव मिश्र

RELATED ARTICLES

Most Popular