Friday, April 17, 2026
Homeउत्तर प्रदेशशिक्षिका के सूने मकान से 35 लाख की चोरी

शिक्षिका के सूने मकान से 35 लाख की चोरी

– बीमार पति को देखने के लिए अपनी ससुराल गई थी महिला

औरैया (हि.स.)। सदर कोतवाली क्षेत्र में किराये पर रह रही एक शिक्षिका के मकान में चोरों ने आठ लाख नगदी सहित लगभग 35 लाख की चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी हुई है।

शहर के मोहल्ला ब्रह्म नगर में अमरनाथ मिश्रा के मकान में प्राथमिक विद्यालय सुंदरीपुर की शिक्षिका मीरा शुक्ला किराये पर रहती हैं। उनके पति संजीव शुक्ला अपने घर पुखरायां जनपद कानपुर देहात में रहते हैं। काफी समय से उनके पति की तबीयत खराब चल रही थी, जिसके चलते वह गुरुवार को विद्यालय पढ़ाने के उपरांत पुखरायां पति को देखने गई थी। विद्यालय जाने के लिए वह सुबह पुखरायां से अपने ब्रह्म नगर स्थित आवास पर पहुंची तो उन्होंने मेन गेट का ताला टूटा हुआ देखा। वह जब अंदर गई तो कमरों के ताले टूटे हुए थे। इस पर उन्होंने मोहल्ले के लोगों को जानकारी दी।

सूचना पाकर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल की। पीड़ित शिक्षिका मीरा शुक्ला ने जानकारी देते हुए बताया कि उसने बैनामा कराए जाने के लिए रखे आठ लाख नकद सहित जेवरात जिसमें सीतारामी, हार, चेन, अंगूठी, चूड़ियां सहित अन्य सामान मिलाकर लगभग 35 लाख का माल चोर ले गए हैं। पीड़ित ने बताया कि उसके मकान मालिक अपनी रिश्तेदारी में गए हुए थे। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल करने में जुटी हुई है।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular