राम लला का निमंत्रण ठुकराने वालों को चुनाव में ठुकरा दें-केशव

जानकी शरण द्विवेदी

गोंडा । उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर के उद्घाटन अवसर पर शिष्टाचार वश हमने रामभक्तों पर गोली चलवाने वाली समाजवादी पार्टी तथा ‘तारीख नहीं बताएंगे’ कहकर भाजपा पर व्यंग्य करने वाली कांग्रेस पार्टी को भी आमंत्रित किया था, किंतु उनके नेता इस ऐतिहासिक समारोह में नहीं आए। हम आपसे अपील करते हैं कि जिन्होंने राम लला का निमंत्रण ठुकराया है, 2024 के लोकसभा चुनाव में आप सब उन्हें भी ठुकरा दो। कैसरगंज लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी करण भूषण सिंह के नामांकन के अवसर पर हेलीकाप्टर से शुक्रवार को गोंडा पहुंचे मौर्य श्री रघुकुल महाविद्यालय में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
अपने 23 मिनट के भाषण में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में मोदी के नाम की लहर थी। 2019 में यह आंधी बन गई, किंतु 2024 आते-आते अब यह सुनामी में बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि आगामी चार जून को मतगणना के दिन कैसरगंज सीट देश में रिकॉर्ड मतों से जीतने वाली सीटों में शामिल होगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा अब समाप्त पार्टी तथा बसपा बिल्कुल समाप्त पार्टी हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के युवराज 2024 के चुनाव में अमेठी छोड़कर रायबरेली भाग गए हैं। इस चुनाव के बाद उन्हें रायबरेली छोड़कर भी भागना पड़ेगा। मौर्य ने कहा कि 2024 के चुनाव में एक तरफ भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा गठबंधन है और दूसरी तरफ मोदी के अगुवाई वाला साफ-सुथरा राजग। उन्हांने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन कोई करिश्मा नहीं कर पाएगा क्योंकि 2017 के विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश की जनता इनको सबक सिखा चुकी है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष इस समय दुष्प्रचार कर रहा है कि यदि इस बार भी मोदी की अगुवाई में एनडीए की सरकार बनी तो देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। पाकिस्तान से भी कांग्रेस की जीत के लिए दुआएं मांगी जा रही हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि कांग्रेस शासन काल में ही भारत के एक हिस्से को जिसे पीओके कहा जाता है, उसे थाल में सजाकर पाकिस्तान को दे दिया गया था। कांग्रेस ने ही जम्मू कश्मीर में धारा 370 लागू किया था। हमारे नेता कश्मीर के लिए बलिदान हुए। जब आपने हमें मौका दिया तो हमने एक झटके में धारा 370 को हटा दिया। यह मोदी की गारंटी का परिणाम है। भाजपा नेता ने कहा कि हमने अपने संकल्प पत्र में तीन मुख्य एजेंडे शामिल किए थे। धारा 370, राम मंदिर और समान नागरिक संहिता। आपने आशीर्वाद देकर जब मोदी को प्रधानमंत्री बनाया तो पहले दो संकल्प दो कार्यकाल में पूरे कर दिए। तीसरे कार्यकाल में हम अपना तीसरा संकल्प समान नागरिक संहिता भी लागू करके दिखाएंगे। यह मोदी की गारंटी है।

समाजवादी पार्टी पर कटाक्ष करते हुए भाजपा नेता ने कहा कि 2014 में मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से आपने टोपी लगाकर किसी नेता को प्रचार करते नहीं देखा होगा। यदि आप चाहते हों कि मुख्तार अंसारी जैसे लोगों की कब्र पर फातिहा पढ़ने ऐसे लोग न जाएं तो एक बार सभी सीटों पर कमल खिला दो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ और सबका विकास के नारे के साथ काम किया है। किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया है। इसलिए वोट मांगने सभी के दरवाजे पर जाना। कोई समर्थन और वोट देगा नहीं तो हमारा कुछ लेगा भी नहीं। अपने काम के आधार पर 2024 में भारतीय जनता पार्टी ने नारा दिया है, ‘100 में 80 हमारा है, 20 में बंटवारा है और बंटवारे में भी हमारा है।‘ उन्होंने उपस्थित जन समुदाय से अपील किया कि भाजपा ने कैसरगंज से करण भूषण सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। आप सब पार्टी के इस फैसले का स्वागत करिए तथा सभी खुले मन से उन्हें आशीष दें। सभा की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप एवं संचालन महामंत्री आशीष त्रिपाठी ने किया। इस मौके पर सांसद बृजभूषण शरण सिंह, जिलाध्यक्ष बलरामपुर प्रदीप सिंह, जिलाध्यक्ष बहराइच बृजेश पाण्डेय, विधायक कटरा बावन सिंह, विधायक मनकापुर रमापति शास्त्री, विधायक तरबगंज प्रेम नारायण पांडेय, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, विधायक कर्नलगंज अजय सिंह, एमएलसी अवधेश कुमार सिंह मंजू सिंह, एमएलसी प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक बलरामपुर सदर पलटू राम, विधायक मेहनौन विनय द्विवेदी, विधायक गोंडा सदर प्रतीक भूषण सिंह एवं तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला, लोकसभा प्रभारी संजय कैराती, लोकसभा संयोजक इकबाल बहादुर तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्य नारायण तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा, जिला पंचायत बलरामपुर अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष बलरामपुर राकेश सिंह, दीपक अग्रवाल, विनय शर्मा, अविनाश जयसवाल, साधु संत, ब्लाक प्रमुख, चेयरमैन, जिला पंचायत सदस्य, प्रधान, वीडीसी, कैसरगंज लोकसभा के सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, प्रभारी एवं बूथ अध्यक्ष सहित हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढें : बेटे को टिकट मिलने पर क्या बोले बृजभूषण?

हमारी अन्य खबरों को सीधे पोर्टल पर जाकर भी पढ़ सकते हैं। इसके लिए क्लिक करें : www.hindustandailynews.com

कलमकारों से ..

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com पर प्रकाशन के इच्छुक कविता, कहानियां, महिला जगत, युवा कोना, सम सामयिक विषयों, राजनीति, धर्म-कर्म, साहित्य एवं संस्कृति, मनोरंजन, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं तकनीक इत्यादि विषयों पर लेखन करने वाले महानुभाव अपनी मौलिक रचनाएं एक पासपोर्ट आकार के छाया चित्र के साथ मंगल फाण्ट में टाइप करके हमें प्रकाशनार्थ प्रेषित कर सकते हैं। हम उन्हें स्थान देने का पूरा प्रयास करेंगे : जानकी शरण द्विवेदी सम्पादक मोबाइल 09452137310 E-Mail : jsdwivedi68@gmail.com

error: Content is protected !!