लखनऊ (हि.स.)। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री हमेशा युवाओं के स्किल की बात करते हैं। डिफरेंट सेक्टर में प्रशिक्षण देकर हम युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में निरन्तर काम कर रहे हैं। युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें रोजगार दिलाने के लिए योगी सरकार प्रतिबद्ध है। यह बातें व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिलदेव अग्रवाल ने सोमवार को सीतापुर रोड स्थित एक लॉन में तीन दिवसीय रोजगार संगम का उद्घाटन करते हुए कही।
मंत्री कपिलदेव ने कहा कि राज्य के आईटीआई कालेजों के साथ टाटा ने पांच हजार करोड़ का एमओयू साइन किया है। हम युवाओं को तकनीकि कौशल से युक्त करना चाहते हैं। सरकारी नौकरी सीमित होती है, किन्तु यदि हुनर का विकास हो जाए तो अपार संभावनायें हैं। हमारी सरकार बेरोजगारी भत्ता न देकर युवाओं को हुनरमन्द बना रही है। सरकार नौजवानों को लेकर गम्भीर है। हर माह रोजगार मेले हो रहे हैं।
रोजगार मेले की संयोजक एवं बोरा पॉलीक्लिनिक की निदेशक बिन्दू बोरा ने बताया कि तीन दिवसीय मेला एक मार्च तक प्रतिदिन प्रातः दस से सायं पांच बजे तक चलेगा। मेले में भारतीय स्टेट बैंक, केनरा बैंक, बैंक ऑफ इण्डिया सहित लगभग 65 कम्पनियां 6,900 रिक्तियों के साथ मौजूद हैं। मेले में स्वयं सहायता समूहों द्वारा उत्पादित वस्तुओं के स्टाल भी लगे हैं।
इस अवसर पर ट्रेनिंग पार्टनर एजुवेक्स इंस्टीट्यूट, आईसीटीआई, स्मार्ट स्किल, पृथक, स्पर्श एवं इंटिको के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न कम्पनियों के प्रतिनिधि व बड़ी संख्या में रोजगार के इच्छुक जनों की उपस्थिति रही।
शरद
