युवक की संदिग्धावस्था में मौत, हत्या का आरोप

फिरोजाबाद (हि.स.)। थाना उत्तर क्षेत्र श्रीराम कालोनी में गुरूवार एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला है। व्यक्ति की संदिग्धावस्था में मौत हुई है। मृतक की पत्नी ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 
थाना उत्तर क्षेत्र श्रीराम कालोनी में गुरूवार को कुछ लोगों ने वहीं के रहने वाले मूलचन्द्र (40) पुत्र लटूरी सिंह का शव पड़ा देखा तो वह सन्न रह गये। जानकारी होते ही मृतक के परिजन भी पहुंच गये। सूचना पर थाना उत्तर पुलिस के साथ सीओ सिटी हरिमोहन सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पत्नी का आरोप है कि उसके पति शटरिंग का काम करते थे। उसने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल लायी है। 
इस सम्बंध में सीओ सिटी हरिमोहन सिंह ने बताया कि थाना उत्तर क्षेत्र के श्रीराम कालोनी में मूलचंद्र नाम के व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हुई है। मृतक के सिर पर चोट व गले पर भी निशान हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्यवाही की जायेगी। 

error: Content is protected !!