– सपा भाजपा का आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी
इटावा/मैनपुरी(हि.स.)। उत्तर प्रदेश की मैनपुरी लोकसभा सीट पर सोमवार की सुबह सात बजे से ही मतदान शांतिपूर्ण तरीके से शुरू हो गया। लोकसभा क्षेत्र की हर मतदेय स्थल के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के लिए पैरामिलिट्री फोर्स पीएसी और सिविल पुलिस के जवानों को मुस्तैदी से तैनात किया गया है। मतदान शुरू होने के बाद सपा और भाजपा के नेताओं ने एक दूसरे पर गुंडई कर जबरिया फर्जी मतदान करने और मतदान को प्रभावित करने का आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदान करने के बाद प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मैनपुरी के डीएम- एसएसपी पर भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया है। सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने भी प्रशासन पर मतदान में धांधली करवाने का आरोप लगाया है।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर गुंडई करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस चुनाव में प्रशासन की शह पर भाजपा के नेता और कार्यकर्ता मतदाताओं को डरा धमका कर मतदान नहीं करने दे रहे हैं। मैनपुरी की पुलिस ने हमारे निर्दोष कार्यकर्ताओं को पकड़कर थाने चौकियों में बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार का राम राज्य नही रावण राज्य है, इस चुनाव से हम लोगों को 2024 के चुनाव के लिए सीख मिल रही है।
शिवपाल यादव ने मतदान करने के बाद जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिला प्रशासन सरकार के इशारे पर पक्षपात कर रहा है। हमारे कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को डराया धमकाया जा रहा है। उन्हें मतदान करने से रोका जा रहा है। हमारे कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर थानों चौकियों में बंद कर दिया है। यह चुनाव निष्पक्ष नहीं हो रहा है।
भाजपा के प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य ने मतदान करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग गुंडई कर रहे हैं। उन्हें और उनके समर्थकों को धमकियां मिल रही है। उन्होंने इस बात की शिकायत प्रशासन से लिखित में की है। उन्होंने बताया की उनके शाक्य समाज के मतदाताओं को सपा के लोग डरा धमका रहे हैं। मतदाताओं को मतदान स्थल तक नहीं जाने दे रहे हैं लेकिन फिर भी लोगों का भरपूर आशीर्वाद उन्हें मिल रहा हैं। इस बार किसान का बेटा मैनपुरी की सीट पर जीत हासिल कर मैनपुरी के लोगों की सेवा करने के लिए लोकसभा तक जाएगा।
मैनपुरी के एसपी-डीएम ने समाजवादी पार्टी के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि लोकसभा क्षेत्र में सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांति पूर्ण तरीके से मतदान हो रहा है। लोकसभा क्षेत्र के हर मतदेय स्थल पर पैरामिलिट्री फोर्स, पीएसी, और सिविल पुलिस के साथ होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। किसी प्रकार की सूचना पर तुरंत हम लोग पहुंचकर समस्या का समाधान कर रहे हैं। दोपहर तीन बजे तक 47.53 मतदान प्रतिशत तक सम्पन्न हो चुका है। लोकसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान किसी प्रकार की कोई हिंसा या कोई अनहोनी की घटना अभी तक घटित नहीं हुई है।
रोहित
