मेरठ (हि.स.)। राज्य विधानसभा चुनाव के औपचारिक ऐलान से पहले ही रविवार को मेरठ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तरकश से कई तीर चलाए। पश्चिम उप्र की प्रमुख समस्याओं को उठाने के साथ ही मेरठ के ऐतिहासिक तथ्यों को भी फिर से उभारा। विकास की पटरी पर रैपिड रेल, मेट्रो का जिक्र करके यहां के लोगों में उत्साह भरा तो बिना नाम लिए विपक्षी दलों पर भी करारे प्रहार किए। खेलों को प्रोफेशन से जोड़ने की बात कहकर युवाओं से भावी भारत के निर्माण का भी आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर रविवार को मेरठ में खेल विवि का शिलान्यास किया। खेलों को युवाओं, देश और दुनिया की प्रगति का आधार बताते हुए प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों को भी कटघरे में खड़ा किया। इसके साथ ही केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों को खेलों के विकास का श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि पहली सरकारों के कारण पहले खेलों के बारे में समाज में अच्छी छवि नहीं बनी थी। युवाओं को खुद को खिलाड़ी कहते हुए हीनभाव महसूस होता था, लेकिन भाजपा की सरकारों में खेलों के विकास की एक विस्तृत कार्ययोजना बनाई गई है। इससे देश में एक नई खेल संस्कृति विकसित हुई है। प्रधानमंत्री ने मंच से बिना नाम लिए उप्र की पहले की सपा सरकारों में अपराधियों और माफिया को मनचाहा खेल खेलने की आजादी होने का आरोप लगाया। इसके साथ ही योगी सरकार को अपराधियों के इस खेल को खत्म करने का भी श्रेय दिया।
किसान आंदोलन खत्म होने के बाद की परिस्थितियों को अपने पक्ष में करने के लिए प्रधानमंत्री ने खेलों का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम उप्र की खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए गांवों में खेल मैदान, ओपन जिम, स्टेडियम, मिनी स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। इससे गांव के युवाओं की प्रतिभा निखर रही है। सरकार की जिम्मेदारी को भी प्रधानमंत्री ने मंच से तय किया और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि सरकार अभिभावक की भूमिका में होती है। यह कहकर नहीं टाल सकती कि ’लड़कों से गलती हो जाती है।’
प्रधानमंत्री ने जाटों को साधने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह का भी उल्लेख किया और उन्हें नमन किया। सपा और बसपा की सरकारों पर किसानों के उत्पीड़न के लिए भी जिम्मेदार बताया। मोदी ने कहा कि योगी सरकार में ही किसानों को इतना गन्ना भुगतान किया गया, जितना दोनों सरकारों ने भी मिलकर नहीं किया। पहले चीनी मिलों को कौड़ियों के दाम बेच दिया गया। जबकि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने बंद चीनी मिलों को चलाया और चीनी मिलों का विस्तार किया।
प्रधानमंत्री ने खेलो इंडिया के तहत युवा खेल प्रतिभाओं को निखारने का जिक्र किया और टॉप्स योजना लागू होने के बाद खिलाड़ियों के प्रदर्शन में हुए सुधार की जानकारी दी। युवाओं को देश और दुनिया का कर्णधार बताते हुए उप्र में फिर से योगी सरकार बनाने का भी आह्वान किया।
कुलदीप/ पवन
