Sunday, April 19, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमेरठ में पुलिस ने शरबत पिलाकर पढ़ाया यातायात नियमों का पाठ

मेरठ में पुलिस ने शरबत पिलाकर पढ़ाया यातायात नियमों का पाठ

मेरठ(हि.स.)। शुक्रवार को गंगा दशहरा पर यातायात पुलिस ने लोगों को शरबत पिलाया। इसके साथ ही उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की नसीहत भी दी। पुलिस के बदले हुए रूप से लोग भी अचंभित हो गए।

गंगा दशहरा पर शुक्रवार को मेरठ शहर जगह-जगह लोगों ने प्याऊ लगाकर लोगों को ठंडा पानी पिलाया। विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने राहगीरों को रोक-रोक कर मीठे जल का वितरण किया। इस कार्य में मेरठ की यातायात पुलिसकर्मी भी लगे नजर आए।

एसपी यातायात जितेंद्र श्रीवास्तव के निर्देशन में शुक्रवार को यातायात पुलिसकर्मी शरबत लेकर सड़कों पर नजर आए और लोगों को शरबत पिलाया। वाहन चालकों को शरबत पिलाकर पुलिसकर्मियों ने उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की नसीहत दी। चौराहों पर पहुंचते ही यातायात पुलिसकर्मियों ने जैसे ही वाहन चालकों को रोकना शुरू किया तो उन्हें लगा कि अब चालान काटे जाएंगे। चालान काटने की जगह पुलिसकर्मियों ने जब शरबत पिलाना शुरू किया तो लोग अचंभित हो गए। लोगों ने पुलिसकर्मियों के इस व्यवहार की प्रशंसा की और खुद भी यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular