मुरादाबाद (हि.स.)। रामपुर की पूर्व सांसद व फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में गवाहों के न आने से सुनवाई नहीं हो सकी। अब अगली सुनवाई की तिथि 21 दिसम्बर निर्धारित हुई है।
लगभग ढाई वर्ष पूर्व जून 2019 में कटघर थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम डिग्री कॉलेज में सम्मान समारोह आयोजित हुआ था। सम्मान समारोह के दौरान रामपुर की पूर्व सांसद व अभिनेत्री जयाप्रदा के ऊपर अभद्र टिप्पणी की गई थी। इस मामले में पूर्व मंत्री व रामपुर लोकसभा से सांसद आजम खान, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम, मुरादाबाद लोकसभा से समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. एसटी हसन व अन्य सपाईयों को आरोपी बनाया गया था। इस मुकदमे की सुनवाई मुरादाबाद की एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट में पुनीत गुप्ता की अदालत में हो रही है।
विशेष लोक अभियोजक मोहनलाल विश्नोई का कहना है कि बीते दिन गवाहों को तलब किया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुए। इस कारण मुकदमे की सुनवाई के लिए अगली तिथि 21 दिसम्बर निर्धारित की गई हैं।
निमित
