Saturday, April 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुठभेड़ में दो बदमाश घायल, सिपाही को भी लगी गोली

मुठभेड़ में दो बदमाश घायल, सिपाही को भी लगी गोली

-घायल सिपाही औैर बदमाशों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

-घटनास्थल से फतेहपुर व हमीरपुर से लूटी गई मोटरसाइकिलें और मोबाइल फोन बरामद

-मुठभेड़ के दौरान भाग निकले कई बदमाश, अवैध असलहे और कारतूस भी बरामद

हमीरपुर (हि.स.)। जिले में सूनी सड़क पर पुलिस और बदमाशों से सीधी मुठभेड़ हो गई, जिससे फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए। वहीं एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया। घायलों का सरकारी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। मौके से पुलिस ने फतेहपुर और बिंवार क्षेत्र से लूटी गई मोटर साइकलें, मोबाइल और अवैध असलहे बरामद किए हैं। बदमाशों ने 48 घंटे पहले लूट की बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। मुठभेड़ के दौरान चार बदमाश जान बचाकर भाग निकले। जिनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगी है।

बिंवार थाना क्षेत्र के ग्योड़ी रोड पर रविवार की देर रात दो मोटर साइकलों में सवार आधा दर्जन बदमाशों की सूचना मिलते ही बिंवार थानाध्यक्ष संजय कुमार उपाध्याय, एसओजी प्रभारी, सीओ मौदहा भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इसी बीच ए.एसपी अनूप कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस फोर्स को देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी जिससे एक सिपाही कमलकांत गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की जिससे दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि चार बदमाश जान बचाकर भाग निकले। पुलिस ने आनन-फानन घायल साथी सिपाही और बदमाशों को इलाज के लिए नजदीक के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।

एसपी कमलेश दीक्षित ने सोमवार को बताया कि मुठभेड़ में एक सिपाही घायल हुआ है। वहीं बदमाशों में शिवम सिंह चौहान पुत्र अमर सिंह व दीपक रैकवार पुत्र प्रकाश रैकवार मुठभेड़ में घायल हुए हैं। बताया कि दोनों बदमाश बांदा के रहने वाले हैं, जो लूट की घटना को अंजाम देने के लिए ग्योड़ी रोड पर खड़े थे। एसपी ने बताया कि मौके से फतेहपुर और हमीरपुर से लूटी गई दो मोटरसाइकलें, मोबाइल फोन व अवैध असलहे, कारतूस बरामद किए गए है।

बताया कि बिंवार थाना क्षेत्र में 7 व 8 अप्रैल को बदमाशों ने लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। बताया कि रविवार की रात ग्योड़ी रोड पर बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। तभी सूचना पर बदमाशों की घेराबंदी कराई गई लेकिन बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हुए लेकिन एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हुआ। बताया कि 48 घंटे के अंदर लूट की वारदातों का खुलासा हो गया है।

पंकज

RELATED ARTICLES

Most Popular