लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बसंत पंचमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री योगी ने शुक्रवार को अपने बधाई संदेश में कहा कि बसंत पंचमी विद्या, बुद्धि, ज्ञान, कला और संगीत की देवी मां सरस्वती के प्राकट्य का दिन है। इसलिए इस पर्व पर देवी सरस्वती का विधिपूर्वक पूजन किया जाता है। धर्म-अध्यात्म, सभ्यता-संस्कृति, ज्ञान-विज्ञान, कला-साहित्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में चिन्तन और साधना से मानव ने जो स्थान हासिल किया है, उसके लिए ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त करने का आयोजन है सरस्वती पूजा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बसंतोत्सव प्रकृति के उल्लास का पर्व है। पूरे देश में बसंत पंचमी और सरस्वती पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। मुख्यमंत्री ने लोगों से बसंत पंचमी के अवसर पर समस्त अनुष्ठानों में कोविड प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन करने की अपील की है।
दिलीप शुक्ला
