Saturday, April 25, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री योगी का आदेश, स्कूल-अस्पताल के जर्जर भवन किए जाएं ध्वस्त, कमिश्नर-डीएम...

मुख्यमंत्री योगी का आदेश, स्कूल-अस्पताल के जर्जर भवन किए जाएं ध्वस्त, कमिश्नर-डीएम करें निरीक्षण

-जर्जर भवन वाले स्कूल-अस्पतालों का दूसरी जगह किया जाएगा संचालन

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी मण्डलायुक्तों तथा जिलाधिकारियों को जनपदों में सरकारी भवनों की स्थिति का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। 
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यदि विद्यालय अथवा अस्पताल आदि का संचालन जर्जर भवन में मिले, तो तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत इनका संचालन अन्यत्र करते हुए जर्जर भवन के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण किए जाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री मंगलवार को लोक भवन में एक उच्चस्तरीय बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकारी तथा निजी क्षेत्र में संचालित सभी बेसिक एवं माध्यमिक स्तर के विद्यालयों तथा डिग्री काॅलेजों आदि के भवनों का गहन निरीक्षण किया जाए। इसी प्रकार सभी सार्वजनिक भवनों का भी निरीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी काॅलोनियों के भवनों का निरीक्षण कर यह देखा जाए कि यह दुरुस्त अवस्था में हैं अथवा नहीं।
मुख्यमंत्री ने धान खरीद कार्य को पूरी सक्रियता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार धान क्रय केन्द्रों पर अतिरिक्त काटों का प्रबन्ध किया जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा हो। धान खरीद कार्य निरन्तर संचालित किया जाए। 
मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि धान क्रय के तहत लक्ष्य की पूर्ति हो जाने के बाद भी धान खरीद का कार्य निरन्तर जारी रखा जाए। उन्होंने कृषि उत्पादन आयुक्त को इस सम्बन्ध में स्पष्ट सर्कुलर निर्गत करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 06 जनवरी से प्रदेश में किसान कल्याण मिशन का शुभारम्भ किया जा रहा है। किसान कल्याण मिशन के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि यह आयोजन अन्तर्विभागीय समन्वय से सम्पन्न किया जाए।

RELATED ARTICLES

Most Popular