Sunday, September 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशमुख्यमंत्री की अपराधियों को थोथी धमकियां जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने...

मुख्यमंत्री की अपराधियों को थोथी धमकियां जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा : अखिलेश


लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर हाथरस में पीड़ित परिवार से रविवार को पार्टी के एक प्रतिनिधिमण्डल ने भेंट की और उनके साथ संवेदना जताई। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। पूर्व सांसद  धर्मेन्द्र यादव और प्रदेश अध्यक्ष  नरेश उत्तम पटेल ने बताया कि पीड़िता के परिवार वाले सरकारी रवैये से असंतुष्ट हैं। 
प्रतिनिधिमंडल से वार्ता के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में लगातार महिलाओं और बच्चियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। खुद मुख्यमंत्री  के गृह जनपद गोरखपुर में पिछले दिनों 6 बेटियाँ खुदकशी कर चुकी हैं।  भाजपा सरकार का बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा और मुख्यमंत्री की अपराधियों को दी जा रही थोथी धमकियाँ जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी लगती हैं। उत्तर प्रदेश में बहू-बेटियों की जिंदगी पर हर क्षण खतरा मंडराता रहता है। उन पर अत्याचार का बेलगाम दौर चल रहा है।
अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री का ऐन्टी रोमियो स्क्वाड कहां चला गया है? अलीगढ़ में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म हुआ और अमरोहा में महिला की गला घोंट कर हत्या कर दी गई। कानपुर देहात के रूरा थाना क्षेत्र के गहोलिया गांव में आठ दिन से लापता बच्ची का कंकाल मिला। बुलन्दशहर के सिकन्दराबाद में भी एक किशोरी हैवानियत की शिकार हुई।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में 1090 वूमेन पावर लाइन और यूपी डायल 100 सेवा अपराध नियंत्रण में प्रभावी थी, भाजपा राज में उन्हें निष्क्रिय कर दिया गया। अपराधी बेखौफ हो गए। भाजपा के जंगलराज में रूह कंपाने वाली वारदातों पर रोकथाम की इच्छाशक्ति भी अब प्रशासन में नहीं दिखाई पड़ती है।

हाथरस पीड़िता के परिवार से मिलने गये प्रतिनिधिमंडल में   नरेश उत्तम, रामजी लाल सुमन पूर्व केन्द्रीय मंत्री, धर्मेन्द्र यादव पूर्व सांसद, अक्षय यादव पूर्व सांसद, जुगुल किशोर बाल्मीकि पूर्व अध्यक्ष सफाई आयोग उप्र, अतुल प्रधान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष छात्र सभा, जसवंत यादव सदस्य विधान परिषद, संजय लाठर सदस्य विधान परिषद, उदयवीर सिंह सदस्य विधान परिषद, डाॅ0 राम करन निर्मल प्रदेश अध्यक्ष लोहिया वाहिनी तथा रामगोपाल बघेल जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी आगरा एवं  ममता टपलू पूर्व प्रत्याशी विधान सभा आगरा शामिल थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular