मुरादाबाद(हि.स.)। जनपद के कटघर के उड़पुड़ा स्थित डिप्टी साहब मंदिर से अति प्राचीन रामडोल शोभायात्रा मंगलवार को निकाली गई। जिसमें काफी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। शोभायात्रा में मनमोहक झांकियों और कलाकारों के द्वारा फूलों की होली ने सभी क्षेत्रवासियों का मन मोह लिया
शोभायात्रा का शुभारंभ मंदिर में पंडित शिवदत्त शर्मा की पूजा अर्चना के साथ किया गया। अबीर, गुलाल व फूलों की होली खेलने के साथ शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें श्री रामचंद्र जी के परिवार का दरबार, शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण जी की झांकी, रामजन्मभूमि मंदिर निर्माण भवन की झांकी, भारतमाता की झांकी के साथ ही राधा-कृष्ण के नृत्य की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर महमुल्लागंज, होली का मैदान, पचपेड़ा, कटघर बीच मोहल्ला, गाड़ीखाना होते हुए रामगंगा दसवांघाट मंदिर पर पहुंची जहां समापन हुआ। यात्रा में मुख्य रूप से ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवकुमार सिंह, नगर विधायक रितेश गुप्ता, एमएलसी गोपाल अंजान, भाजपा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश प्रजापति, नि. पार्षद कुलदीप नारायण सिंह, अरविंद सिंह, राजेश सूर्या, सर्वेश सिंह आदि उपस्थित रहे।
निमित जायसवाल
