मथुरा(हि.स.)। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान ने सोमवार दोपहर बटालियन के गेट पर ड्यूटी के दौरान स्वयं को गोली मार ली। बताया जा रहा है कि गृह क्लेश के चलते उसने यह कदम उठाया है जबकि सदर बाजार थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह का कहना है कि सीआरपीएफ के जवान ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच की जा रही है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र में जिलाधिकारी आवास रोड पर सीआरपीएफ बी 16 बटालियन में तैनात राजस्थान करौली निवासी 32 वर्षीय विजय कुमार मीणा ने सोमवार दोपहर कैंप के गेट पर चेक पोस्ट पर ड्यूटी के दौरान रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली जवान के बीचो-बीच माथे से आर पार हो गई। गोली की आवाज सुनते ही बटालियन में तैनात पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और आनन-फानन में उसको नियति हॉस्पिटल ले गए जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर एसपी सिटी उदय शकर सिंह, सीओ सिटी वरुण कुमार, सदर बाजार प्रभारी सतपाल सिंह ने मौके पर पहुंच कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गौरतलब हो कि विजय सिंह मीणा पुत्र हरिप्रसाद मीणा (32) निवासी करौली (राजस्थान) सीआरपीएफ में साल 2013 में भर्ती हुआ था। मथुरा में 16 बटालियन में साल 2018 से तैनात था। गृह क्लेश के चलते आत्महत्या किया जाना बताया जा रहा है।
