गाजियाबाद (हि.स.)। दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अब गाजियाबाद में प्रतिदिन 3500 एंअीजन टेस्ट किए जाएंगे। इसके अलावा कोविड वार्डों की संख्या बढ़ाई जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। दिल्ली बार्डर से सटे जनपद के इलाकों में काम-धंधे के सिलसिले में लोग रोजाना दिल्ली आना-जाना करते हैं। ऐसे में बार्डर से सटे इलाकों में जांच बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। सीएमओ ने बताया कि अभी तक जनपद में रोजाना 2000 एंटीजन टेस्ट किए जा रहे थे। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 3500 की जा रही है। इसके अलावा 1100 आरटी-पीसीआर टेस्ट किए जा रहे हैं। जिला एमएमजी अस्पताल की आरटी-पीसीआर लैब में रोजाना करीब 500 टेस्ट हो रहे हैं, बाकी सैंपल जांच के लिए नोएडा भेजे जाते हैं। दिल्ली में कोरोना के मामले बढ़ते देख ही शासन और जिला अधिकारी के निर्देश पर जनपद में नवम्बर अलर्ट जारी किया गया था। नवम्बर अलर्ट के मुताबिक जनपद सर्विलांस टीमें बढ़ाने के साथ ही अन्य व्यवस्थाएं भी चैकस की जा रही हैं। सरकारी स्तर पर एल-1 अस्पताल के लिए मोदीनगर में 250 बेड का दिव्य ज्योति नर्सिंग होम तैयार रखा गया है। एल-2 कोविड अस्पतालों में संजय नगर स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय के अलावा राजेंद्र नगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल शामिल है। सरकारी स्तर पर एल-3 कोविड अस्पताल संतोष अस्पताल में संचालित है। इसके अलावा जनपद में 13 निजी कोविड अस्पताल संचालित हैं। जल्द ही लोहिया नगर में 100 बेड का एक और कोविड अस्पताल शुरू किया जाएगा। लोहिया नगर में कोविड अस्पताल बनकर तैयार हो चुका है। जनपद में एल-1 और कोविड केयर सेंटरों में 700 बेड उपलब्ध हैं। यह सभी बेड खाली हैं। इसके अलावा जनपद में 931 एल-2 कोविड बेड उपलब्ध हैं। एल-3 यानी गंभीर मरीजों के लिए जनपद में कुल 400 बेड हैं। जनपद में अब तक 4.83 लाख से अधिक कोरोना टेस्ट हो चुके हैं। 20425 पॉजिटिव मामले सामने आ चुके हैंै लगभग 1365 सक्रिय केस है।
गाजियाबाद में प्रतिदिन होंगे 3500 एंटीजन टेस्ट
RELATED ARTICLES
